बुधवार, 4 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: आगामी त्योहारों को लेकर ग्रेटर नोएडा पुलिस अलर्ट, कंपनी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: आगामी त्योहारों को लेकर ग्रेटर नोएडा पुलिस अलर्ट, कंपनी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने दिए निर्देश, पुलिस और औद्योगिक इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय पर दिया जोर

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 4 नवंबर 2026। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के साथ क्षेत्र की विभिन्न औद्योगिक कंपनियों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में त्योहारों के दौरान औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की सुविधाओं और उनकी विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने कंपनी पदाधिकारियों से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए, ताकि कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा असुरक्षा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कर्मचारियों की सुरक्षा, आवागमन, कार्यस्थल की व्यवस्थाओं और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

अधिकारियों ने कंपनी प्रतिनिधियों से सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की। साथ ही पुलिस और औद्योगिक इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने, सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने संबंधित अधिकारियों एवं कंपनी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, समस्या अथवा अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और औद्योगिक इकाइयों के बीच आपसी समन्वय जितना बेहतर होगा, उतनी ही प्रभावी ढंग से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी। पुलिस का उद्देश्य है कि आगामी त्योहारों के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे तथा सभी कर्मचारी बिना किसी परेशानी के अपने कार्य कर सकें।

बैठक के माध्यम से पुलिस ने औद्योगिक इकाइयों को भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाएगी और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस तत्पर रहेगी।।