ताज़ा अपडेट
ताज़ा ख़बर
दो टूक मीडिया पर पढ़ें उत्तर प्रदेश और देश-दुनिया की निष्पक्ष और जमीनी खबरें। लखनऊ, गोण्डा, बलिया, आजमगढ़, अम्बेडकरनगर समेत सभी जिलों की ग्राउंड रिपोर्ट। ई-पेपर पढ़ने के लिए ऊपर दिए गए ई-पेपर बटन पर क्लिक करें।

गौतमबुद्धनगर: सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता से ऋण दें बैंक, सीडी रेशियो बढ़ाने पर भी करें विशेष फोकस: सीडीओ!!

फ़ॉन्ट आकार:
ख़बर की बड़ी बातें:
  • दो टूक मीडिया की ख़ास ग्राउंड रिपोर्ट और ताज़ा अपडेट।
  • घटना/मुद्दे से जुड़े सभी मुख्य पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल।
  • पूरी खबर नीचे विस्तार से पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें।

गौतमबुद्धनगर: सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता से ऋण दें बैंक, सीडी रेशियो बढ़ाने पर भी करें विशेष फोकस: सीडीओ!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने दिए निर्देश, लंबित ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने और किसानों, युवाओं व स्वयं सहायता समूहों को योजनाओं से जोड़ने पर दिया जोर

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 27 नवंबर 2026। जनपद की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी ऋण योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (DLRC एवं DCC) की बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बैंकिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी बैंक अधिकारियों को सरकारी ऋण योजनाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद की आर्थिक प्रगति और विकास में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी पात्र लोगों तक पहुंचेगा, जब बैंक अधिकारी संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच के साथ काम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों के माध्यम से बैंकों को भेजे जाने वाले ऋण आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को अनावश्यक रूप से बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर ऋण सुविधा मिल सके।

बैठक के दौरान जनपद के क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) रेशियो की भी समीक्षा की गई। समीक्षा में सामने आया कि गत तिमाही में जनपद का सीडी रेशियो 57.29 प्रतिशत रहा। इस पर सीडीओ ने चिंता जताते हुए कहा कि जनपद की कई बैंक शाखाओं का सीडी रेशियो अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने संबंधित बैंकों को पत्र जारी कर विस्तृत कार्ययोजना प्राप्त करने तथा भारतीय रिजर्व बैंक के निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप सीडी रेशियो में वृद्धि के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंकों को स्थानीय स्तर पर ऋण वितरण बढ़ाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए, जिससे जनपद की आर्थिक गतिविधियों को और गति मिल सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत लंबित ऋण प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से जुड़े पात्र लोगों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसान, युवा उद्यमी और स्वयं सहायता समूह आत्मनिर्भर बन सकें।

लंबित ऋण आवेदनों के निस्तारण को लेकर सीडीओ ने अग्रणी जिला प्रबंधक को संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर बैंक शाखाओं का भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में अनावश्यक देरी हो रही है, उनका कारण पता कर संबंधित बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाते हुए प्रभावी समाधान सुनिश्चित कराया जाए।

बैठक में वित्तीय समावेशन से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक में आने वाले प्रत्येक ग्राहक को इन योजनाओं की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इनका लाभ उठा सकें और वित्तीय रूप से सशक्त बन सकें।

इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनपद में संचालित आधार सेवा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने पर भी जोर दिया, ताकि आम नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाएं सुचारु रूप से उपलब्ध हो सकें।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बैंक अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न करें। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक राम विनोद कुमार, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।।

कोई टिप्पणी नहीं:

टिप्पणी लिखें (Comment)


दो टूक का WhatsApp चैनल फॉलो करें