ताज़ा अपडेट
ताज़ा ख़बर
दो टूक मीडिया पर पढ़ें उत्तर प्रदेश और देश-दुनिया की निष्पक्ष और जमीनी खबरें। लखनऊ, गोण्डा, बलिया, आजमगढ़, अम्बेडकरनगर समेत सभी जिलों की ग्राउंड रिपोर्ट। ई-पेपर पढ़ने के लिए ऊपर दिए गए ई-पेपर बटन पर क्लिक करें।

गौतमबुद्धनगर: संविधान दिवस पर गौतमबुद्धनगर में गूंजा ‘एक स्वर, एक संविधान’ का संदेश, 4.55 लाख से अधिक लोगों ने लिया जागरूकता कार्यक्रमों में हिस्सा!!

फ़ॉन्ट आकार:
ख़बर की बड़ी बातें:
  • दो टूक मीडिया की ख़ास ग्राउंड रिपोर्ट और ताज़ा अपडेट।
  • घटना/मुद्दे से जुड़े सभी मुख्य पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल।
  • पूरी खबर नीचे विस्तार से पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें।

गौतमबुद्धनगर: संविधान दिवस पर गौतमबुद्धनगर में गूंजा ‘एक स्वर, एक संविधान’ का संदेश, 4.55 लाख से अधिक लोगों ने लिया जागरूकता कार्यक्रमों में हिस्सा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

न्यायालय से लेकर स्कूल-कॉलेज और जिला कारागार तक आयोजित हुए संवैधानिक जागरूकता कार्यक्रम, जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने दिलाई संविधान के मौलिक कर्तव्यों की शपथ

दो टूक// नोएडा। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को जनपद गौतमबुद्धनगर में ‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के तहत व्यापक स्तर पर संवैधानिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर के तत्वावधान में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन, विद्यार्थियों, शिक्षकों, न्यायिक अधिकारियों और विभिन्न वर्गों के लोगों को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल्यों और नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। जनपद में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में कुल लगभग 4,55,019 लोगों ने सहभागिता की।

जनपद न्यायाधीश ने प्रस्तावना का पाठ कराकर दिलाई शपथ

संविधान दिवस के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठन कराया गया और उपस्थित लोगों को मौलिक कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारीगण, न्यायालय कर्मचारी, दिल्ली पब्लिक स्कूल ग्रेटर नोएडा के छात्र-छात्राएं तथा सुरक्षाकर्मी सहित लगभग 300 लोगों ने भाग लिया।

400 से अधिक विद्यालयों में गूंजा संविधान का संदेश

जनपद के विद्यालयों में भी संविधान दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। जिला विद्यालय निरीक्षक के दिशा-निर्देशन में संचालित 400 से अधिक विद्यालयों में संविधान की प्रस्तावना का पाठन और मौलिक कर्तव्यों की शपथ के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में लगभग 4,31,820 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जबकि करीब 18,549 शिक्षक भी कार्यक्रमों का हिस्सा बने।

विद्यालयों में संविधान सभा के सदस्यों पर शोध कार्यक्रम, संविधान पर परिचर्चा, संविधान क्विज, पोस्टर मेकिंग, संविधान सेल्फी और बुकमार्क कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इसके साथ ही प्रभात फेरियों, गोष्ठियों और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।

आदर्श इंटर कॉलेज में एक हजार से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत ने आदर्श इंटर कॉलेज, दादरी में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ संविधान की प्रस्तावना का पाठन किया और उन्हें मौलिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

जेल और सम्प्रेक्षण गृह में भी पहुंचा संवैधानिक जागरूकता का संदेश

संविधान दिवस के अवसर पर जिला कारागार गौतमबुद्धनगर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां निरुद्ध लगभग 2,000 महिला एवं पुरुष बंदियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया गया तथा मौलिक कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई गई। इस दौरान कारागार के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में निवासरत लगभग 350 किशोर एवं किशोरियों के बीच भी संविधान की प्रस्तावना का पाठन कराकर उन्हें संविधान के प्रति उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी गई।

विश्वविद्यालयों और विधि संस्थानों में भी आयोजित हुए कार्यक्रम

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल पर नामित 20 से अधिक विश्वविद्यालयों एवं विधि विद्यालयों में भी संवैधानिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें विधि के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठन किया और मौलिक कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया। इन संस्थानों में लगभग एक हजार विद्यार्थियों एवं अध्यापकगण ने प्रतिभाग किया।

इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुरूप जनपद के लगभग 40 विद्यालयों में विधिक साक्षरता क्लब स्थापित किए गए हैं। शेष विद्यालयों में भी अलग से विधिक साक्षरता क्लब स्थापित किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को कानून, उनके अधिकारों और संवैधानिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया जा सके।

4.55 लाख से अधिक लोगों की सहभागिता बनी अभियान की बड़ी उपलब्धि

संविधान दिवस पर जनपद में आयोजित इन व्यापक कार्यक्रमों के माध्यम से न्यायालय, विद्यालय, विश्वविद्यालय, विधि संस्थान, राजकीय सम्प्रेक्षण गृह और जिला कारागार तक संविधान के महत्व का संदेश पहुंचाया गया। अभियान में कुल लगभग 4,55,019 लोगों की सहभागिता रही। ‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान ने जनपद में संवैधानिक मूल्यों, नागरिक जिम्मेदारियों, विधिक जागरूकता और लोकतांत्रिक भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।

कोई टिप्पणी नहीं:

टिप्पणी लिखें (Comment)


दो टूक का WhatsApp चैनल फॉलो करें