गौतमबुद्धनगर: सलारपुर के श्री कृष्णा भवन में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा, अशोक भाटी के आवास पर उमड़ा ग्रामीणों का जनसैलाब!!
दो टूक//नोएडा,सलारपुर, 9 नवंबर 2026। सलारपुर स्थित श्री कृष्णा भवन में पवित्र पर्व गोवर्धन पूजा धार्मिक श्रद्धा, हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से मनाई गई। भारतीय किसान यूनियन के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के आवास पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों के साथ गांव के गणमान्य लोगों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल रहा और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान पंडित राजेश मिश्रा ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गोवर्धन पूजा संपन्न कराई। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से गोवर्धन महाराज का पूजन एवं परिक्रमा कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना के लिए भगवान श्रीकृष्ण से आशीर्वाद मांगा।
इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने सभी को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी प्राचीन धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। यह त्योहार हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, गौवंश की सेवा, पर्यावरण संरक्षण और आपसी भाईचारे का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, जब इंद्रदेव ने क्रोधित होकर मथुरा क्षेत्र में मूसलाधार वर्षा कराई और इससे गोकुलवासियों के सामने संकट खड़ा हो गया, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ग्रामवासियों और गौवंश की रक्षा की थी। भगवान श्रीकृष्ण की यह लीला हमें सिखाती है कि अहंकार चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है।
अशोक भाटी ने आगे कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, कृषि, गौमाता और ग्रामीण संस्कृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का पर्व भी है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, एकता, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में झलकेस बाबूजी, रवि प्रधान, ताराचंद भाटी, चरण सिंह भाटी, सुभाष नेताजी, मदन भाटी, सिंहराज गुर्जर, सचिन भाटी, जयवीर भाटी, कृष्ण भाटी, रविंद्र भाटी, कालूराम भाटी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामवासी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं और धार्मिक उत्साह के साथ पर्व मनाया।।
