गौतमबुद्धनगर: नोएडा में गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 55 किलो से अधिक गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार!!
स्वाट टीम और बिसरख पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 55 लाख रुपये कीमत का गांजा, कार और तीन मोबाइल फोन बरामद; टेलीग्राम और ऑनलाइन पार्सल के जरिए करते थे डोर-टू-डोर सप्लाई
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्वाट टीम और थाना बिसरख पुलिस की संयुक्त टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 55 किलो 124 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हुंडई एसेंट कार और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को संयुक्त पुलिस टीम ने निर्माणाधीन बिल्डिंग गोल्डन ग्रैंड रोड से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलम खान (30 वर्ष), निवासी लोनी मुस्तफाबाद, गाजियाबाद, वसीम (26 वर्ष), निवासी ग्राम रटोल, थाना खेकड़ा, जिला बागपत और लक्ष्य राठौर (19 वर्ष), निवासी चोटपुर कॉलोनी, थाना सेक्टर-63, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।
ई-कॉमर्स कंपनियों की पन्नियों में पैक कर करते थे सप्लाई
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा और अन्य क्षेत्रों से कम कीमत पर गांजा खरीदकर लाते थे। इसके बाद गांजे को विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों की पन्नियों में पैक कर गाड़ी के माध्यम से सप्लाई करते थे। आरोपी टेलीग्राम एप और ऑनलाइन पार्सल के जरिए ग्राहकों की मांग पर डोर-टू-डोर गांजे की बिक्री करते थे। इस तरीके से आरोपी कथित तौर पर नशे के अवैध कारोबार को संचालित कर रहे थे।
कार, तीन मोबाइल और 55 किलो से अधिक गांजा बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 55 किलो 124 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 55 लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त हुंडई एसेंट कार (रजिस्ट्रेशन नंबर DL1RTB7436) और घटना में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
एक आरोपी पर पहले से एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में थाना बिसरख में मुकदमा अपराध संख्या 846/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, आरोपी वसीम के खिलाफ पूर्व में थाना गढ़मुक्तेश्वर, जनपद हापुड़ में मुकदमा अपराध संख्या 649/2024, धारा 8/20/29/37 एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है।
पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजे की सप्लाई के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
