शनिवार, 7 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: दीपोत्सव और यमुना आरती की सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस अलर्ट, एसीपी ने पुश्ता घाट व फिल्म सिटी क्षेत्र का किया निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दीपोत्सव और यमुना आरती की सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस अलर्ट, एसीपी ने पुश्ता घाट व फिल्म सिटी क्षेत्र का किया निरीक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

दो टूक//नोएडा। दीपोत्सव एवं यमुना आरती कार्यक्रम के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी नोएडा प्रीति यादव एवं एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 ग्रेटर नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के अंतर्गत पुश्ता घाट और फिल्म सिटी इलाके में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने दीपोत्सव एवं यमुना आरती कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसीपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा उत्पन्न न हो। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दीपोत्सव एवं यमुना आरती कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस बल को अलर्ट रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।