शनिवार, 7 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: दीपावली पर सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, सड़कों पर उतरे डीसीपी सेंट्रल नोएडा; फ्लैग मार्च के साथ ड्रोन से रखी नजर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दीपावली पर सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, सड़कों पर उतरे डीसीपी सेंट्रल नोएडा; फ्लैग मार्च के साथ ड्रोन से रखी नजर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों का किया निरीक्षण, संदिग्धों की चेकिंग और लगातार गश्त के दिए निर्देश

दो टूक//नोएडा। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह एवं पुलिस बल के साथ सेंट्रल नोएडा जोन के विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान ड्रोन के माध्यम से भी प्रमुख स्थानों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस की तैनाती, यातायात व्यवस्था, पार्किंग की स्थिति, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और सुरक्षा के मद्देनजर की गई बैरिकेडिंग की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दीपावली पर्व के दौरान पूरे जोन में नियमित पुलिस गश्त और फ्लैग मार्च जारी रखा जाए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जाए तथा बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। इसके साथ ही सभी पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके।

पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। पुलिस का उद्देश्य है कि क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे, जिससे लोग बिना किसी भय के हर्षोल्लास के साथ दीपावली का त्योहार मना सकें।