गौतमबुद्धनगर: खेल अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक, मैदान में उतरना ही सबसे बड़ी उपलब्धि: अशोक भाटी
आर.बी. क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित यूपी टी-20 टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे किसान नेता अशोक भाटी, रोमांचक मुकाबले में हापुड़ की टीम ने गाजियाबाद को हराकर जीता खिताब
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 29 नवंबर 2026। अच्छेजा स्थित आर.बी. क्रिकेट ग्राउंड में हापुड़ वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन एवं गाजियाबाद वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. गोर हरि सिंघानिया यूपी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हापुड़ और गाजियाबाद की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन, गौतमबुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष अशोक भाटी एवं मनोज मावी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं स्मृति चिह्न देकर गर्मजोशी के साथ स्वागत और सम्मान किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, गणमान्य व्यक्ति और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर गाजियाबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। गाजियाबाद की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 143 रन बनाए। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी हापुड़ की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 145 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस रोमांचक जीत के साथ हापुड़ की टीम टूर्नामेंट की विजेता बनी।
इस अवसर पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अशोक भाटी ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये व्यक्ति को अनुशासन, संघर्ष, धैर्य और टीम भावना का महत्वपूर्ण पाठ पढ़ाते हैं। खेल हमें हार को भी मुस्कुराकर स्वीकार करने और जीत के बाद विनम्र बने रहने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि फाइनल मुकाबला बेहद शानदार और रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने पूरे उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया तथा दर्शकों का दिल जीत लिया। हापुड़ की विजेता टीम को उन्होंने हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि गाजियाबाद की उपविजेता टीम भी बधाई की पात्र है। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान में उतरकर पूरे समर्पण के साथ खेलना अपने आप में सबसे बड़ी उपलब्धि है।
अशोक भाटी ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन युवाओं और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही समाज में आपसी भाईचारे, सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। ऐसे आयोजनों से खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है और खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़ता है।
अंत में उन्होंने सफल आयोजन के लिए हापुड़ वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन एवं गाजियाबाद वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन की आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अंपायरों, कमेंटेटर, खिलाड़ियों और उपस्थित दर्शकों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और समर्पण से टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं के निरंतर आयोजन की कामना की।
इस अवसर पर कप्तान राज सिंह भाटी, नीलमणि द्विवेदी, सोनू वेद, धीरेंद्र भाटी टीनू, मनित नागर, विकास भाटी, चमन भाटी, बृजेश सिंह, अंकित भाटी, सुमित नागर, सुमित गुर्जर, अनुज सिरोही, हापुड़ टीम के कप्तान अनूप नागर तथा गाजियाबाद टीम के कप्तान मनोज अत्री सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)