गौतमबुद्धनगर: नोएडा में नीमा ने धूमधाम से मनाया भगवान धन्वंतरि दिवस, चिकित्सा जगत की हस्तियों ने किया आयुर्वेद के महत्व का गुणगान!!
चिकित्सकों ने भगवान धन्वंतरि का पूजन कर मानव सेवा और स्वस्थ समाज के निर्माण का लिया संकल्प
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-51 स्थित नोएडा में नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) नोएडा इकाई की ओर से भगवान धन्वंतरि दिवस का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा जगत से जुड़े चिकित्सकों, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने शिरकत कर भगवान धन्वंतरि को नमन किया और चिकित्सा सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। उन्हें देवताओं का वैद्य तथा आयुर्वेद और चिकित्सा विज्ञान का जनक माना जाता है। इसी मान्यता के चलते धनतेरस के अवसर पर भगवान धन्वंतरि की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। चिकित्सक समुदाय इस दिन को धन्वंतरि दिवस के रूप में मनाकर चिकित्सा सेवा, निरोगी जीवन और मानव कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नोएडा भाजपा के जिलाध्यक्ष महेश चौहान उपस्थित रहे। इसके अलावा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, शहरी मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. प्रसनजीत मैत्रा, नीमा नोएडा के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, संरक्षक डॉ. बीपी सिंह एवं डॉ. मुकेश गुप्ता ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर डॉ. सुनीता चौधरी, डॉ. प्रशांत, डॉ. कपिल त्यागी, डॉ. वंदना, डॉ. अक्षय चौहान, डॉ. भोजराज सिंह, डॉ. स्नेहलता, डॉ. अशोक सिंह, डॉ. रमेश छाबड़ा और डॉ. हेमलता सोनी सहित नीमा नोएडा के तमाम सदस्य एवं मुल्तानी फार्मा के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान भगवान धन्वंतरि के आदर्शों को याद करते हुए चिकित्सा क्षेत्र में सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं के महत्व को रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक केवल मरीजों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ और निरोगी बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयुर्वेद हमारी प्राचीन चिकित्सा परंपरा और भारतीय ज्ञान-विज्ञान की अमूल्य धरोहर है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
आयोजन के माध्यम से चिकित्सकों ने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ पहुंचाने का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, आपसी सौहार्द और चिकित्सा जगत के प्रति सम्मान का वातावरण देखने को मिला।।
