सुखीपुर में 28वीं पुण्यतिथि पर सम्मान समारोह आयोजित
।। सिद्धेश्वर पाण्डेय ।।
दो टूक ,आजमगढ़ । जिले के फूलपुर तहसील क्षेत्र के सुखीपुर-फुलवरिया में शुक्रवार देर शाम श्रीप्रकाश शुक्ल मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में शिक्षाविद एवं श्रीगयादीन जायसवाल इंटर कॉलेज खोरसो के पूर्व उपप्रधानाचार्य स्व. श्रीप्रकाश शुक्ल की 28वीं पुण्यतिथि पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए शिक्षा, समाजसेवा और सामाजिक सरोकारों में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं, शिक्षाविदों, समाजसेवियों और अधिकारियों को सम्मानित कर समाज में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष राकेश शुक्ला ने ट्रस्ट की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था प्रत्येक वर्ष प्रतिभाशाली छात्राओं, छात्रों और समाजसेवियों को सम्मानित करती है। इसी क्रम में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले हृदय नारायण मिश्रा, पूर्व प्रधानाचार्य हीरालाल यादव और खंड विकास अधिकारी प्रदीप दुबे सहित अन्य लोगों को ट्रस्ट के अध्यक्ष राकेश शुक्ला, उपाध्यक्ष दिनेश शुक्ला एवं सचिव अधिवक्ता रमेश शुक्ला ने अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
वहीं प्रतिभाशाली छात्राओं रुचि तिवारी, गरिमा श्रीवास्तव एवं अस्मिता पाल तथा छात्र अमन कुमार बिंद, अर्पित गिरी और राज प्रजापति को उनकी प्रतिभा एवं उपलब्धियों के लिए साइकिल, पंखा, बैग और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे।
सम्मान समारोह समाज को नई दिशा देने का माध्यम : प्रदीप दुबे
मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी प्रदीप दुबे ने कहा कि समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षाविदों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के लिए ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। अन्य ट्रस्टों और सामाजिक संस्थाओं को भी इससे सीख लेकर समाजहित में इस तरह के आयोजन करने चाहिए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व महाप्रधान अनिल सिंह, एसडीओ अतुल पांडेय, रमेश चंद्र शुक्ला, शिक्षिका एकता शुक्ला, सीएमओ डॉ. श्रवण कुमार तिवारी, संजय पांडेय, आनंद पांडेय, सचिव निशा शुक्ला, योगेश, मनीष, रजनीश, अवनीश, शिवम, पंकज, नीरज, निरंजन शुक्ला, फूलपुर तहसील अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्रीराम यादव एवं सुभाष यादव सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष राकेश शुक्ला ने की, जबकि संचालन अधिवक्ता रमेश शुक्ला ने किया। अंत में उपाध्यक्ष दिनेश शुक्ला ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)