ताज़ा अपडेट
ताज़ा ख़बर
दो टूक मीडिया पर पढ़ें उत्तर प्रदेश और देश-दुनिया की निष्पक्ष और जमीनी खबरें। लखनऊ, गोण्डा, बलिया, आजमगढ़, अम्बेडकरनगर समेत सभी जिलों की ग्राउंड रिपोर्ट। ई-पेपर पढ़ने के लिए ऊपर दिए गए ई-पेपर बटन पर क्लिक करें।

गौतमबुद्धनगर: फलैदा कट पर किसान महापंचायत रोकने के लिए पुलिस की कार्रवाई, राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत सैकड़ों किसान गिरफ्तार!!

फ़ॉन्ट आकार:
ख़बर की बड़ी बातें:
  • दो टूक मीडिया की ख़ास ग्राउंड रिपोर्ट और ताज़ा अपडेट।
  • घटना/मुद्दे से जुड़े सभी मुख्य पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल।
  • पूरी खबर नीचे विस्तार से पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें।

गौतमबुद्धनगर: फलैदा कट पर किसान महापंचायत रोकने के लिए पुलिस की कार्रवाई, राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत सैकड़ों किसान गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

17 महीने से रौनीजा में चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना, 10 प्रतिशत भूखंड, आबादी और यमुना प्राधिकरण से जुड़ी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान

बीसी प्रधान बोले– किसानों की जायज मांगों को तत्काल पूरा करे सरकार, दमनकारी कार्रवाई से आंदोलन दबने वाला नहीं, चुनाव में किसान देंगे जवाब

दो टूक//जेवर/ग्रेटर नोएडा, 29 नवंबर 2026। भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर रविवार को जेवर के फलैदा कट पर आयोजित किसान महापंचायत को लेकर क्षेत्र में भारी हलचल देखने को मिली। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान अपनी मांगों के समर्थन में महापंचायत में शामिल होने पहुंचे। हालांकि, प्रशासन ने महापंचायत को रोकने के लिए पहले से ही व्यापक पुलिस व्यवस्था कर रखी थी। किसानों का आरोप है कि पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोका और राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित सैकड़ों किसानों को जबरन बसों में भरकर गिरफ्तार कर लिया।

किसानों की प्रमुख मांगों में नोएडा-ग्रेटर नोएडा के किसानों को 10 प्रतिशत विकसित भूखंड, आबादी का निस्तारण, 64 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण से संबंधित आवासीय भूखंडों का आवंटन तथा अन्य लंबित समस्याओं का समाधान शामिल है। इन मांगों को लेकर जेवर क्षेत्र के रौनीजा गांव में पिछले 17 महीनों से किसानों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। संगठन का कहना है कि लंबे समय से आंदोलन और लगातार मांग उठाने के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से किसानों की समस्याओं का ठोस समाधान नहीं किया गया है। इससे किसानों में भारी नाराजगी है और अब उनका सब्र जवाब देने लगा है।

संगठन के कार्यकर्ताओं के अनुसार, महापंचायत को विफल करने के उद्देश्य से प्रशासन ने एक दिन पहले से ही सख्ती शुरू कर दी थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया था तथा गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर उसे छावनी में तब्दील कर दिया गया था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में किसान फलैदा कट पहुंचे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित सैकड़ों किसानों को हिरासत में लेकर बसों के माध्यम से ले जाया गया।

किसान संगठन ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थल का हवाला देकर किसानों को महापंचायत करने से रोका गया, जबकि गांव और किसान अपनी समस्याओं को शांतिपूर्ण ढंग से उठाने के लिए एकत्र हुए थे।

बीसी प्रधान ने सरकार को दी चेतावनी, किसानों की आवाज दबाने से नहीं रुकेगा आंदोलन

इस पूरे घटनाक्रम पर भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन किसानों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज कर रहा है। 17 महीने से किसान धरने पर बैठे हैं, लेकिन उनकी जायज मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। आखिर किसान अपनी समस्याएं लेकर किसके पास जाएं? लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाना और शांतिपूर्ण तरीके से महापंचायत करना किसानों का अधिकार है, लेकिन पुलिस को आगे कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

चौधरी बीसी प्रधान ने कहा, "शासन-प्रशासन कान खोलकर सुन ले, चुनाव आने वाले हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को किसानों की जायज मांगों पर तत्काल संज्ञान लेकर उनका समाधान कराना चाहिए। हमारी कोई भी मांग नाजायज नहीं है। यदि किसानों की समस्याओं को इसी तरह अनदेखा किया गया तो आने वाले चुनाव में किसान अपनी ताकत का एहसास कराएंगे और सरकार बदलने का काम भी कर सकते हैं।"

उन्होंने कहा कि किसानों ने अपनी जमीन देकर प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आज उन्हीं किसानों को अपने अधिकारों के लिए 17-17 महीने तक धरने पर बैठना पड़ रहा है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। किसानों को आश्वासन नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं का ठोस और समयबद्ध समाधान चाहिए।

दमन से नहीं डरेंगे किसान, मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

राष्ट्रीय महासचिव बीसी प्रधान ने स्पष्ट कहा कि 10 प्रतिशत भूखंड, आबादी, 64 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजे और यमुना प्राधिकरण से जुड़ी अन्य मांगों का समाधान होने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस की गिरफ्तारी और प्रशासनिक दबाव से किसानों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। संगठन ने पुलिस की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए गिरफ्तार किए गए सभी किसानों और राष्ट्रीय अध्यक्ष की तत्काल रिहाई की मांग की है।

उन्होंने कहा कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। सरकार और प्रशासन को टकराव का रास्ता अपनाने के बजाय किसानों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) ने साफ कर दिया है कि किसानों के अधिकारों की यह लड़ाई अब पीछे हटने वाली नहीं है। जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।।

कोई टिप्पणी नहीं:

टिप्पणी लिखें (Comment)


दो टूक का WhatsApp चैनल फॉलो करें