शनिवार, 7 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: त्योहारों को लेकर ग्रेटर नोएडा में पुलिस अलर्ट, एडीसीपी संतोष कुमार ने कासना क्षेत्र में की फुट पेट्रोलिंग, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: त्योहारों को लेकर ग्रेटर नोएडा में पुलिस अलर्ट, एडीसीपी संतोष कुमार ने कासना क्षेत्र में की फुट पेट्रोलिंग, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

इसी क्रम में अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने एसीपी-3 ग्रेटर नोएडा डॉ. रवि शंकर के साथ थाना कासना क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान उन्होंने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिस की सक्रियता परखी।

फुट पेट्रोलिंग के दौरान एडीसीपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर सघन जांच की जाए तथा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

गौतमबुद्धनगर पुलिस का उद्देश्य है कि आगामी त्योहारों को आमजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मना सकें। इसके लिए पुलिस द्वारा लगातार गश्त, चेकिंग और निगरानी की जा रही है।।