गुरुवार, 5 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: दनकौर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, एसीपी ने पुलिस बल के साथ की फुट पेट्रोलिंग!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दनकौर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, एसीपी ने पुलिस बल के साथ की फुट पेट्रोलिंग!!

!!वरिष्ट सवांददाता देव गुर्जर!!

ज्वैलर्स की दुकानों पर सीसीटीवी और सुरक्षा इंतजामों की जांच, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर एवं आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में ग्रेटर नोएडा जोन के अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्त और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।

इसी क्रम में डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह एवं एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के पर्यवेक्षण में एसीपी-3 ग्रेटर नोएडा डॉ. रवि शंकर ने पुलिस बल के साथ थाना दनकौर क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले बाजारों एवं प्रमुख स्थानों पर फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फुट पेट्रोलिंग के दौरान एसीपी ने ज्वैलर्स की दुकानों पर पहुंचकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और सुरक्षा इंतजामों की जांच की। उन्होंने दुकानदारों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया।

उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों को बैरिकेडिंग लगाकर चेक किया जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एसीपी ने सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के माध्यम से आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता एवं निगरानी लगातार जारी रहेगी।।