गौतमबुद्धनगर: त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सख्त, मनमाना किराया वसूलने से लेकर ओवरलोडिंग तक पर चलेगा कार्रवाई का डंडा!!
निर्धारित किराए से अधिक वसूली करने पर परमिट निरस्त और वाहन जब्त करने तक की कार्रवाई, नशे में वाहन चलाने वालों का लाइसेंस होगा निरस्त
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 06 नवंबर 2026। दीपावली, भाई दूज एवं छठ पूजा के त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए गौतमबुद्धनगर परिवहन विभाग ने सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। त्योहारों के दौरान बस, टैक्सी, ऑटो और टेंपो में सफर करने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों, चालकों और परिचालकों के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों की आड़ में यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने, ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इसी क्रम में परिवहन विभाग की ओर से बस, टैक्सी एवं ऑटो-टेंपो संचालन संघों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विभाग ने सभी परिवहन संचालकों से यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।
महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ अभद्रता पर कार्रवाई
परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों एवं परिचालकों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा के दौरान यात्रियों के साथ शालीन, सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार करें। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधा का ध्यान रखा जाए। किसी भी यात्री के साथ अभद्रता या दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मनमाना किराया वसूला तो निरस्त हो सकता है परमिट
त्योहारों के दौरान यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर निर्धारित किराए से अधिक वसूली करने वाले वाहन संचालकों पर परिवहन विभाग की विशेष नजर रहेगी। विभागीय प्रवर्तन दल द्वारा इसकी निगरानी की जाएगी। निर्धारित किराए से अधिक वसूली की पुष्टि होने पर संबंधित वाहन का परमिट निरस्त करने के साथ वाहन जब्त करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
ओवरलोडिंग और वाहनों पर लटककर यात्रा करने पर रोक
विभाग ने बस, टैक्सी, ऑटो और टेंपो संचालकों को वाहनों की निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाने के निर्देश दिए हैं। क्षमता से अधिक सवारियां मिलने पर चालान किया जाएगा। इसके अलावा बसों के पायदान, छत अथवा वाहनों के पीछे लटककर यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नशे में वाहन चलाने वालों पर जीरो टॉलरेंस
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। परिवहन संघों को भी अपने स्तर पर चालकों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों पर भी रहेगी नजर
एक्सप्रेसवे और प्रमुख मार्गों पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल अनिवार्य
सड़क सुरक्षा के मद्देनजर दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए आईएसआई मार्क हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। वहीं कार और टैक्सी में चालक के साथ आगे और पीछे बैठने वाले सभी यात्रियों को सीट बेल्ट लगानी होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर भी होगी कार्रवाई
त्योहारों के दौरान सड़कों पर जाम और अव्यवस्था की स्थिति रोकने के लिए रेड लाइट का उल्लंघन, गलत दिशा में वाहन चलाने, नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने और गलत लेन में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
परिवहन विभाग गौतमबुद्धनगर ने सभी वाहन स्वामियों और परिवहन संघों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। विभाग ने चेतावनी दी है कि जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग और यातायात पुलिस संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाकर कड़ी वैधानिक कार्रवाई करेंगे।
डॉ. उदित नारायण पाण्डेय, एआरटीओ (प्रवर्तन), गौतमबुद्धनगर ने परिवहन संचालकों से त्योहारों के दौरान नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
