लखनऊ :
सरोजनीनगर को 76 करोड़ की विकास 107 परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण।।
●मेधावियों को लैपटॉप और छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित।
।।डी एस शास्त्री।।
दो टूक : लखनऊ के सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात मिली है। गुरुवार को सदरौना स्थित मान्यवर कांशीराम आवासीय योजना में आयोजित कार्यक्रम में 76 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।
विस्तार :
राजधानी लखनऊ सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की 67.26 करोड़ रुपये की लागत वाली 107 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। वहीं, 10 करोड़ रुपये की लागत से कांशीराम आवासीय कॉलोनी के कायाकल्प की परियोजना का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में शिक्षा, महिला स्वावलंबन और सामाजिक सशक्तीकरण पर भी जोर दिया गया। 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को विधायक ने लैपटॉप देकर सम्मानित किया। इसके अलावा विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से तारा शक्ति सिलाई केंद्रों का लोकार्पण किया गया। वहीं, मतदाता सूची सत्यापन और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी घर-घर पहुंचाने के लिए 'हर घर राजेश्वर' अभियान की शुरुआत की गई।
इस मौके पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि बच्चों की शिक्षा, युवाओं का भविष्य और प्रत्येक परिवार का सम्मान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनका प्रयास है कि आर्थिक परिस्थितियां किसी प्रतिभाशाली बच्चे की राह में बाधा न बनें। सरोजनीनगर में अब तक दो हजार से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर साइकिल और लैपटॉप दिए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि महिला स्वावलंबन की दिशा में सरोजनीनगर में अब तक 180 तारा शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं और 2,500 से अधिक सिलाई मशीनों का वितरण किया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि सरोजनीनगर को परिवार मानकर विकास की योजनाएं संचालित की जा रही हैं। रामरथ यात्रा के माध्यम से अब तक नौ हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा खाटू श्याम धाम की यात्रा आयोजित की गई और बिठूर की धार्मिक यात्रा भी संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में झूलों की व्यवस्था की गई है, जिससे 22 हजार से अधिक बच्चों को लाभ मिल रहा है।
डॉ. सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, मेट्रो और चार एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी के चलते सरोजनीनगर में विकास और निवेश की अपार संभावनाएं हैं। अमेजन और फ्लिपकार्ट के लॉजिस्टिक पार्क तथा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से क्षेत्र में रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिली है।
कार्यक्रम में भाजपा लखनऊ जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, वरिष्ठ भाजपा नेता गंगाराम अम्बेडकर, मंडल अध्यक्ष दल बहादुर सिंह, रविराज लोधी, शुभम पाल, कुंवर राजेंद्र सिंह राजू, नीतू यादव, राम विलास रावत, श्रवण कुमार रावत, डॉ. अखिलेश सिंह, अरुण कुमार मिश्रा और शिविता गोयल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
