गुरुवार, 5 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चलती कार बनी आग का गोला, सड़क पर मची अफरा-तफरी; दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू, सभी कार सवार सुरक्षित!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चलती कार बनी आग का गोला, सड़क पर मची अफरा-तफरी; दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू, सभी कार सवार सुरक्षित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पंचशील ग्रीन्स-1 सोसायटी के सामने सड़क पर चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत कार संख्या UP16DL8698 में आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की दो दमकल गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने बिना देर किए आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। कार में आग लगने से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, कार सवारों की सूझबूझ और समय रहते वाहन से बाहर निकलने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग की तत्परता से आग को नियंत्रित कर लिया गया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

सीएफओ प्रदीप कुमार ने दी घटना की जानकारी

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौतमबुद्धनगर प्रदीप कुमार ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कार में आग लगने की सूचना प्राप्त होने पर फायर सर्विस की दो गाड़ियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग को बुझा दिया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

फिलहाल कार में आग लगने के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। इस घटना ने एक बार फिर वाहनों में आग लगने की स्थिति में सतर्कता बरतने और समय रहते अग्निशमन विभाग को सूचना देने के महत्व को रेखांकित किया है।।