मऊ :
आंगनबाड़ी भर्ती का परिणाम घोषित, 87 केंद्रों पर 87 अभ्यर्थियों का चयन।
◆दो टूक : 13 केंद्रों पर नहीं मिल सके पात्र अभ्यर्थी, चयनित और प्रतीक्षारत अभ्यर्थियों की सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा।
विस्तार :
मऊ जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकत्री भर्ती प्रक्रिया के तहत 87 आंगनबाड़ी केंद्रों पर 87 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं, 13 केंद्रों पर विभिन्न कारणों से पात्र अभ्यर्थी नहीं मिलने के चलते चयन नहीं हो सका। चयनित एवं प्रतीक्षारत अभ्यर्थियों की सूची 10 नवंबर 2026 को संबंधित बाल विकास परियोजना कार्यालयों, विकास खंड परिसर और जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार ने बताया कि जनपद के कुल 100 आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यकत्री भर्ती के लिए 16 अप्रैल 2026 को विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत पात्रता और निर्धारित मानकों के आधार पर अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तैयार की गई। प्रत्येक केंद्र पर उपलब्धता के अनुसार दो अभ्यर्थियों को सूची में शामिल किया गया, जिनमें मेरिट के आधार पर एक का चयन किया गया, जबकि दूसरे अभ्यर्थी को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।
उन्होंने बताया कि शासनादेश के अनुसार बीपीएल एवं एपीएल श्रेणी के साथ ही विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता अभ्यर्थियों को निर्धारित प्राथमिकता दी गई है। चयन प्रक्रिया में पहले बीपीएल विधवा, बीपीएल तलाकशुदा/परित्यक्ता, बीपीएल अन्य, एपीएल विधवा, एपीएल तलाकशुदा/परित्यक्ता तथा एपीएल अन्य श्रेणी के अभ्यर्थियों को वरीयता प्रदान की गई। बीपीएल श्रेणी में पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने पर एपीएल श्रेणी के अभ्यर्थियों पर विचार किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थी अपने संबंधित विकास खंड के बाल विकास परियोजना कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चयनित एवं प्रतीक्षारत अभ्यर्थियों की सूची देख सकते हैं। इसके अलावा विकास खंड परिसर और विकास भवन में भी सूची उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चयनित अभ्यर्थी द्वारा निर्धारित अवधि में योगदान नहीं करने अथवा नियुक्ति आदेश जारी होने के 90 दिनों के भीतर कार्यभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में जिलाधिकारी का अनुमोदन प्राप्त कर प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थी को चयनित किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिया है कि चयनित एवं प्रतीक्षारत अभ्यर्थियों की सूची कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा रखना सुनिश्चित करें, ताकि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी सभी अभ्यर्थियों को आसानी से मिल सके।
