गौतमबुद्धनगर: दीपावली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 850 किलो मिठाई नष्ट; 7 नमूने जांच के लिए भेजे!!
रसगुल्लों में मिले मक्खी-मच्छर, प्रदूषित बूंदी भी कराई गई नष्ट; मिठाई निर्माणशाला का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 03 नवंबर 2026। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को विभाग की अलग-अलग टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में मिठाई निर्माणशालाओं पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के सात नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। इस दौरान प्रथम दृष्टया प्रदूषित एवं मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर करीब 400 किलोग्राम रसगुल्ले और 450 किलोग्राम बूंदी को नष्ट कराने की कार्रवाई की गई।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता एवं रितु सक्सैना की टीम ने गढ़ी चौखंडी, सेक्टर-121 नोएडा स्थित गणेश स्वीट की मिठाई निर्माणशाला का निरीक्षण किया। यहां से बूंदी के लड्डू का एक नमूना संग्रहित किया गया।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं अमर बहादुर सरोज की टीम ने बिलासपुर, दनकौर, ग्रेटर नोएडा स्थित सुंदर सिंह की मिठाई निर्माणशाला पर कार्रवाई की। टीम ने यहां से छेना और रसगुल्ले के एक-एक नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान शेष करीब 100 किलोग्राम रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर पाए गए। मिठाई प्रदूषित अवस्था में मिलने के कारण उसे प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट करा दिया गया।
इसके अलावा इसी टीम ने बिशनपुर, सेक्टर-58 नोएडा स्थित सोनू मिठाई निर्माणशाला का निरीक्षण कर बूंदी के लड्डू का एक नमूना संग्रहित किया।
वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम ने सेक्टर-62 स्थित रसूलपुर नवादा, नोएडा में सम्यक मिठाई वाले की निर्माणशाला पर छापेमारी की। यहां से रसगुल्ले, बूंदी के लड्डू और बूंदी के एक-एक नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान करीब 450 किलोग्राम बूंदी को सीज किया गया, जबकि लगभग 300 किलोग्राम रसगुल्ले एवं मिठाई में मक्खी-मच्छर पाए जाने तथा प्रदूषित अवस्था में होने के कारण उन्हें नष्ट करा दिया गया।
अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाई बनाने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई
सम्यक मिठाई निर्माणशाला में अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण किए जाने का मामला भी सामने आया। इस पर विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आवश्यक सुधार किए जाने तक निर्माण इकाई में व्यवसायिक गतिविधियों के संचालन पर रोक लगा दी गई है।
देर रात तक जारी रहेगा जांच अभियान
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को विभिन्न निर्माणशालाओं से कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए हैं। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और छापेमारी का अभियान देर रात तक जारी रहेगा। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करें। खाद्य सामग्री केवल लाइसेंसधारी एवं पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खरीदें और प्रत्येक खरीद का बिल अवश्य प्राप्त करें। इसके साथ ही खाद्य सामग्री की निर्माण तिथि, बैच नंबर एवं अन्य आवश्यक विवरणों की जांच करने के बाद ही उसका भंडारण और बिक्री सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में आगे भी इसी तरह जांच अभियान चलाया जाएगा। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य दीपावली के दौरान बाजार में बिकने वाली मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और जनपदवासियों को मिलावट एवं दूषित खाद्य सामग्री से बचाना है।।
