गौतमबुद्धनगर: मोटर वाहन चालानों के निस्तारण के लिए 28 नवंबर को लगेगी विशेष लोक अदालत, सुबह 10 बजे से होगी सुनवाई!!
सूरजपुर दीवानी न्यायालय परिसर में लंबित ट्रैफिक चालानों का होगा निस्तारण, अधिवक्ताओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए न्यायालय कक्ष आरक्षित
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर जनपद में मोटर वाहन चालानों के निस्तारण को लेकर वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर की ओर से 28 नवंबर 2026, शनिवार को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सूरजपुर स्थित दीवानी न्यायालय परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित लंबित चालानों का निस्तारण किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस विशेष लोक अदालत का उद्देश्य वाहन चालकों को अपने लंबित यातायात चालानों के निस्तारण के लिए सरल और सुविधाजनक अवसर उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से लोग न्यायालय में लंबित मोटर वाहन चालान संबंधी मामलों का निस्तारण करा सकेंगे।
विशेष लोक अदालत में आने वाले अधिवक्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दीवानी न्यायालय परिसर में अलग-अलग न्यायालय कक्ष आरक्षित किए गए हैं, ताकि संबंधित लोग बिना किसी असुविधा के अपने चालानों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी कर सकें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि जिन वाहन चालकों के मोटर वाहन चालान लंबित हैं, वे 28 नवंबर को सूरजपुर स्थित दीवानी न्यायालय परिसर पहुंचकर निर्धारित आरक्षित न्यायालय कक्षों में अपने चालानों के निस्तारण की प्रक्रिया में शामिल हों और इस विशेष लोक अदालत का लाभ उठाएं।
विशेष लोक अदालत का आयोजन शनिवार, 28 नवंबर को सुबह 10 बजे से किया जाएगा। आरक्षित न्यायालय कक्षों की सूची के अनुसार संबंधित कक्ष में पहुंचकर चालान निस्तारण कराया जा सकता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)