ताज़ा अपडेट
ताज़ा ख़बर
दो टूक मीडिया पर पढ़ें उत्तर प्रदेश और देश-दुनिया की निष्पक्ष और जमीनी खबरें। लखनऊ, गोण्डा, बलिया, आजमगढ़, अम्बेडकरनगर समेत सभी जिलों की ग्राउंड रिपोर्ट। ई-पेपर पढ़ने के लिए ऊपर दिए गए ई-पेपर बटन पर क्लिक करें।

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में जनगणना-2027 के स्वगणना अभियान का आगाज, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने परिवार सहित ऑनलाइन दर्ज कराई जानकारी!!

फ़ॉन्ट आकार:
ख़बर की बड़ी बातें:
  • दो टूक मीडिया की ख़ास ग्राउंड रिपोर्ट और ताज़ा अपडेट।
  • घटना/मुद्दे से जुड़े सभी मुख्य पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल।
  • पूरी खबर नीचे विस्तार से पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें।

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में जनगणना-2027 के स्वगणना अभियान का आगाज, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने परिवार सहित ऑनलाइन दर्ज कराई जानकारी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा में 2,350 प्रगणक और 364 सुपरवाइजर संभालेंगे जनगणना की जिम्मेदारी, 30 नवंबर तक कर सकेंगे स्वगणना

दो टूक//नोएडा। जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की दिशा में नोएडा में स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान का सोमवार, 16 नवंबर से शुभारंभ हो गया। अभियान की शुरुआत पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने स्वयं एवं अपने परिवार की जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करके की। इस दौरान उन्होंने नोएडा के सभी निवासियों से राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी स्वगणना पूरी करने की अपील की।

स्वगणना अभियान के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कराने की सुविधा दी गई है। इसके लिए भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विवरण भरना होगा। स्वगणना पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) प्राप्त होगी। नागरिकों को इस पहचान संख्या को सुरक्षित रखना होगा और जब जनगणना प्रगणक उनके घर पहुंचे तो उन्हें यह संख्या उपलब्ध करानी होगी।

नोएडा में 2,350 प्रगणक और 364 सुपरवाइजर तैनात

चार्ज अधिकारी, नोएडा इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि जनगणना के क्षेत्रीय कार्य को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए नोएडा में कुल 2,350 प्रगणकों और 364 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। ये सभी कार्मिक 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि स्वगणना अभियान के दौरान भी तैनात कर्मचारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों और ब्लॉकों में जाकर लोगों को ऑनलाइन स्वगणना के प्रति जागरूक करेंगे। इसके लिए नोएडा में विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

कोई भी व्यक्ति जनगणना से न छूटे, इस पर रहेगा विशेष जोर

चार्ज अधिकारी ने बताया कि जनगणना अभियान का प्रमुख उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नोएडा क्षेत्र में निवास करने वाला कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए और किसी भी व्यक्ति की जानकारी दो बार दर्ज न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोएडा में किराये पर रहकर नौकरी, व्यवसाय या अन्य कार्य करने वाले लोगों की गणना भी नोएडा में ही की जाएगी। ऐसे में सभी नागरिकों से अपील है कि वे जनगणना प्रक्रिया में सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे आंकड़ों का संकलन पारदर्शी और सटीक तरीके से किया जा सके।

जनगणना में दी गई व्यक्तिगत जानकारी रहेगी पूरी तरह गोपनीय

जनगणना के दौरान नागरिकों से प्राप्त होने वाली व्यक्तिगत जानकारियों की गोपनीयता को लेकर भी स्पष्ट किया गया है कि जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के अंतर्गत एकत्रित व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखी जाती है। इसका उद्देश्य नागरिकों के आंकड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

अंत में चार्ज अधिकारी इंदु प्रकाश सिंह ने नोएडा के समस्त निवासियों से अपील की कि वे 30 नवंबर 2026 तक अपनी और अपने परिवार की स्वगणना अवश्य पूरी करें। साथ ही 1 दिसंबर से शुरू होने वाले घर-घर जनगणना अभियान के दौरान अपने यहां पहुंचने वाले प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराते हुए पूरा सहयोग दें, ताकि जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं:

टिप्पणी लिखें (Comment)


दो टूक का WhatsApp चैनल फॉलो करें