गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 को लेकर डीएम ने खुद की स्वगणना, जिले के लोगों से भी ऑनलाइन प्रक्रिया में शामिल होने की अपील!!
16 से 30 नवंबर तक आधिकारिक पोर्टल पर दर्ज करा सकेंगे अपने और परिवार का विवरण, जनभागीदारी से सफल होगा राष्ट्रीय अभियान
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 16 नवंबर 2026। जनगणना-2027 को सफल बनाने और आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी गौतमबुद्धनगर ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर जिलेवासियों को इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि वे भी 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 के बीच ऑनलाइन माध्यम से अपनी और अपने परिवार की स्वगणना अवश्य करें। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद जरूरी है। लोगों को स्वयं आगे आकर निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कराना चाहिए, ताकि जनगणना का कार्य सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वगणना की सुविधा को आसान और सुलभ बनाने के लिए भारत सरकार की ओर से आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in उपलब्ध कराया गया है। जनपदवासी इस पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए अपने और अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए 16 से 30 नवंबर 2026 तक की समय सीमा निर्धारित की गई है।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना-2027 को केवल सरकारी जिम्मेदारी न समझें, बल्कि इसे राष्ट्रीय दायित्व मानते हुए अपना सहयोग प्रदान करें। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से जनगणना का कार्य बेहतर तरीके से संपन्न हो सकेगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी अजीत कुमार सिंह, चार्ज अधिकारी जेवर प्रतीक चौहान तथा जनगणना जिला प्रभारी उत्कर्ष पांडेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)