शुक्रवार, 6 नवंबर 2026

मऊ : ई-रिक्शा में महिलाओं के पर्स से चोरी करने वाली चार शातिर महिलाएं गिरफ्तार, 20 हजार रुपये बरामद।||Mau:Four vicious women who stole purses from women in e-rickshaws were arrested; 20,000 rupees were recovered.||

शेयर करें:
मऊ :  
ई-रिक्शा में महिलाओं के पर्स से चोरी करने वाली चार शातिर महिलाएं गिरफ्तार, 20 हजार रुपये बरामद।
सदर अस्पताल के पास पुलिस ने चारों को पकड़ा, पीड़िता के पर्स से नकदी और जेवरात गायब होने की मिली थी शिकायत।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक :  मऊ जनपद के नगर कोतवाली पुलिस टीम ने सवारियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाली चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित महिलाओं के कब्जे से चोरी किए गए 20 हजार रुपये लाल पर्स सहित बरामद किए हैं। 
विस्तार : 
पुलिस के अनुसार, गाजीपुर जनपद के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के बिजहरी गांव निवासी सीमा देवी छह नवंबर को ट्रेन से मऊ पहुंची थीं। आजमगढ़ मोड़ से वह ई-रिक्शा में सवार होकर अपने मायके जा रही थीं। इसी दौरान सदर अस्पताल के पास चार अज्ञात महिलाएं भी ई-रिक्शा में बैठ गईं। चारों महिलाएं तहसील सदर गेट के पास उतर गईं। कुछ देर बाद सीमा देवी ने अपना पर्स चेक किया तो उसमें रखे 20 हजार रुपये, सोने का लॉकेट और पांच चांदी की जूतियां गायब मिलीं।
पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पूछताछ के दौरान पीड़िता ने चारों महिलाओं पर चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर महिला हेल्प डेस्क पर तलाशी कराई, जहां उनके कब्जे से 20 हजार रुपये और लाल पर्स बरामद हुआ।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान गुलशाना पत्नी बच्चन, सीमा पत्नी राजन, पिंकी पत्नी विशाल और रीना पत्नी जितेंद्र के रूप में हुई है। चारों आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के अंडाखोर गांव की निवासी हैं और वर्तमान में मऊ के मुंशीपुरा क्षेत्र में रह रही थीं।
पुलिस ने इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 305/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) एवं 317(2) में मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपित महिलाओं को नियमानुसार न्यायालय चालान कर दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस टीम ने की।