11 ग्राहकों को मिले आकर्षक उपहार; चेयरमैन लियाकत अली ने किया उद्घाटन
।। सिद्धेश्वर पाण्डेय।।
दो टूक ,आजमगढ़ । धनतेरस के शुभ अवसर पर रसूलपुर माहुल स्थित महेंद्रा ग्रामीण वितरक सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर आयोजित लकी ड्रा प्रतियोगिता में दशमढ़ा गांव निवासी जल्लू यादव की किस्मत चमक उठी। उन्होंने प्रथम पुरस्कार के रूप में हीरो डीलक्स बाइक जीतकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता में कुल 11 ग्राहकों को विभिन्न आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत माहुल के चेयरमैन लियाकत अली ने किया।
महेंद्रा पेट्रोल पंप के संचालक द्वारा एक मार्च 2026 से ग्राहकों के लिए यह विशेष योजना शुरू की गई थी। इसके तहत 500 रुपये का पेट्रोल या डीजल खरीदने वाले प्रत्येक ग्राहक के वाहन का नंबर पेट्रोल पंप कर्मचारियों द्वारा दर्ज किया जाता था। सभी ग्राहकों की पर्चियों को एक डिब्बे में एकत्रित किया गया। धनतेरस के अवसर पर ग्राहकों के हाथों उन्हीं पर्चियों में से विजेताओं का चयन किया गया।
लकी ड्रा में प्रथम पुरस्कार हीरो डीलक्स बाइक जल्लू यादव ने जीती। वहीं दूसरा पुरस्कार फ्रिज सौरभ यादव, तीसरा पुरस्कार मोबाइल फोन प्रमोद यादव, चौथा पुरस्कार कलाई घड़ी अब्दुल जब्बार तथा पांचवां पुरस्कार पावर बैंक अरुण कुमार के नाम रहा। इसके अलावा अन्य विजेताओं को ईयरफोन, हेयर ड्रायर, ग्राइंडर सहित विभिन्न उपहार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर पेट्रोल पंप मालिक महेंद्र जायसवाल, इंडियन ऑयल के एरिया मैनेजर विवेक कुमार गौड़, मैनेजर ओम प्रकाश विश्वकर्मा, रमेश यादव, विनय कांत पांडेय, बृज कुमार मिश्रा, प्रेम वर्मा, राजेश यादव, विनय यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर ग्राहकों में उत्साह देखने को मिला।
