सोमवार, 5 अक्टूबर 2026

लखनऊ :गैर प्रान्त से असलहे लाकर यूपी में बेचने वाला गिरोह STF के हत्थे चढ़ा, दो तस्कर गिरफ्तार।||Lucknow:The Special Task Force (STF) has busted a gang involved in bringing weapons from other states and selling them in Uttar Pradesh. Two smugglers have been arrested.||

शेयर करें:
लखनऊ :
गैर प्रान्त से असलहे लाकर यूपी में बेचने वाला गिरोह STF के हत्थे चढ़ा, दो तस्कर गिरफ्तार।
दो टूक : UP एसटीएफ ने लखनऊ के थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र लुलु माल के पास से अवैध असलहों की तस्करी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो 9 एमएम पिस्टल, दो 32 बोर पिस्टल, एक 315 बोर तमंचा, 1340 रुपये नकद और दो बैग बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार तस्करों को स्थानीय थाना सुशांत गोल्फ सिटी मे दाखिल कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
विस्तार : 
जानकारी के अनुसार एसटीएफ को पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अवैध असलहों की तस्करी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के पर्यवेक्षण में एसटीएफ टीम छानबीन कर रही है। इसी क्रम में सूचना मिली कि बिहार और मध्य प्रदेश से अवैध हथियारों की खेप लेकर गिरोह के सदस्य लखनऊ पहुंचे हैं। सूचना पर एसटीएफ टीम ने थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस के सहयोग से True Value से अहिमामऊ की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर अमारा फार्म मोड़ के पास घेराबंदी की।
पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास कर रहे दो संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान अमरजीत यादव पुत्र महावीर यादव, निवासी महमूदपुर, थाना बल्दीराय, सुल्तानपुर और नौशाद पुत्र लल्लन, निवासी करियाना नगर, दोस्तपुर, सुल्तानपुर के रूप में हुई।
तलाशी में नौशाद के कब्जे से एक 7.65 बोर पिस्टल और 315 बोर तमंचा बरामद हुआ, जबकि अमरजीत के बैग से तीन पिस्टल बरामद की गईं। एसटीएफ के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि गिरोह बिहार और मध्य प्रदेश से करीब 30 से 40 हजार रुपये में अवैध असलहे खरीदकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में 80 हजार से एक लाख रुपये तक में बेचता था।
पूछताछ में अमरजीत के खिलाफ सुल्तानपुर और अयोध्या के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। एसटीएफ के अनुसार वह पूर्व में जेल जा चुका है और जेल से बाहर आने के बाद अवैध हथियारों की तस्करी तथा खराब असलहों की मरम्मत का काम करने लगा था।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मु0अ0सं0 668/2026, धारा 3/5/7/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।