मऊ :
जनपद एनपीएस संचय आउटरीच कार्यक्रम आयोजित,पेंशन योजना के लाभों की दी गई जानकारी।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : जनपद मऊ स्थित कम्युनिटी हॉल में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एनपीएस संचय आउटरीच एवं पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आम नागरिकों, किसानों तथा बैंकिंग सेवाओं से जुड़े लोगों को एनपीएस के लाभों की जानकारी देते हुए भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के लिए नियमित बचत करने के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम दो पालियों में आयोजित हुआ। प्रथम पाली में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) पवन कुमार मिश्र, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्र प्रमुख शिव कुमार शुक्ला तथा डीडी नाबार्ड आरिफ ने संबोधित किया। अधिकारियों ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली की विशेषताओं, उपयोगिता और बुढ़ापे में आर्थिक आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने के लिए नियमित बचत की आदत विकसित करना आवश्यक है। एनपीएस के माध्यम से पात्र व्यक्ति अपनी आय के अनुरूप दीर्घकालिक बचत की योजना बना सकते हैं। उन्होंने पेंशन योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक पात्र लोगों को इससे जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की गई। इसमें बैंक मित्रों और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालकों को एनपीएस से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें योजना की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने, इच्छुक एवं पात्र व्यक्तियों को खाता खोलने की प्रक्रिया समझाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेंशन संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बैंक मित्रों और सीएससी संचालकों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पेंशन योजनाओं की पहुंच को मजबूत करना रहा, ताकि किसान और आम नागरिक उपलब्ध बैंकिंग एवं डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाते हुए अपने भविष्य के लिए बचत की योजना बना सकें।
कार्यक्रम का सफल संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक पवन कुमार मिश्र ने किया। इस अवसर पर पीएफआरडीए के अधिकारी रघुवीर सिंह चरनी, सुविज्ञ राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने और नागरिकों को भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
