मऊ :
दो बाइकों की आमने-सामने भिडन्त मे अधेड़ गम्भीर रुप से घायल,हालत नाजुक।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज क्षेत्र के टडियाव फोरलेन पर रविवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 60 वर्षीय अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके मुंह और कान से खून बहता देख मौके पर जुटे लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, हादसे के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार, भरथिया कादीपुर गांव निवासी घुनन्धर (60) रविवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से कोपागंज की ओर से घोसी जा रहे थे। जैसे ही वह टडियाव फोरलेन स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे, सामने से तेज गति से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घुनन्धर सड़क पर गिरकर अचेत हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायल की गंभीर स्थिति और मुंह व कान से खून निकलता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को टडियाव स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
