गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में बच्चा अपहरण कर तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार; मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल!!
कासना पुलिस ने छह वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद किया, अपहरण में इस्तेमाल कार-मोटरसाइकिल, 2.22 लाख रुपये नकद और तीन अवैध तमंचे बरामद
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 18 अक्टूबर 2026। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना कासना पुलिस ने नाबालिग बच्चे का अपहरण कर उसकी तस्करी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों और दो महिलाओं समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने अपहृत छह वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ऑरा कार, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, कुल 2 लाख 22 हजार 800 रुपये नकद और तीन अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
खेलते समय लापता हुआ था छह वर्षीय बच्चा
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को थाना कासना में एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उनका करीब छह वर्षीय बेटा 13 अक्टूबर को घर से खेलते समय लापता हो गया था और वापस नहीं लौटा। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने जांच और संभावित आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग, तीन आरोपी घायल
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध आरोपी ग्राम डाढ़ा के पास कार में घूम रहे हैं और बच्चा चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डाढ़ा गोलचक्कर से ओमिक्रॉन-1ए जाने वाले रास्ते के पास चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवारों ने रुकने के बजाय तेजी से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो संदिग्ध कार पेड़ से टकराकर रुक गई। इसके बाद कार सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उनकी पहचान गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से तीन अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस और कार के डैशबोर्ड से 1.50 लाख रुपये नकद बरामद किए।
आरोपियों की निशानदेही पर दो अन्य आरोपी गिरफ्तार
मुठभेड़ में घायल आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने डाढ़ा गोलचक्कर के पास से विकास और नकुल को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा 20-20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
इसके बाद दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कासना के छह प्रतिशत आबादी क्षेत्र में दबिश देकर पुष्पा और कमलेश नाम की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद किया और 32,800 रुपये नकद भी बरामद किए।
अस्पताल के सामने से किया था बच्चे का अपहरण
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों अंकित और नकुल ने 13 अक्टूबर की शाम काशीराम अस्पताल के सामने पुस्ते के पास से मोटरसाइकिल के जरिए बच्चे का अपहरण किया था। इसके बाद उन्होंने गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और विकास के साथ मिलकर बच्चे को कार से गाजियाबाद ले जाकर अलग-अलग स्थानों पर घुमाया और बाद में एक कमरे में रखा।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पुष्पा के कहने पर बच्चे के अपहरण की योजना बनाई गई थी। वहीं, कमलेश पर बच्चे को खरीदने के बदले रुपये देने की बात सामने आई है। पुलिस ने बताया कि बच्चे को सौंपने के बदले मिली रकम में से कुल 2 लाख 22 हजार 800 रुपये बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सात आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरमीत सिंह, सुमित कुमार, अंकित कुमार, विकास और नकुल निवासी जनपद अमरोहा तथा पुष्पा निवासी अमरोहा और कमलेश निवासी तुगलकाबाद, दिल्ली के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित कुमार मुठभेड़ में घायल हुए हैं।
दो मुकदमे दर्ज, आर्म्स एक्ट की धाराएं भी शामिल
इस मामले में थाना कासना में मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 143(4), 3(5) और 61(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा मुठभेड़ और अवैध हथियारों से संबंधित मामले में मुकदमा अपराध संख्या 211/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के अंतर्गत गुरमीत, अंकित और सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई में सात आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ छह वर्षीय बच्चे की सकुशल बरामदगी हुई है। मामले में गिरोह की भूमिका, अपहरण की पूरी साजिश और पैसों के लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।।
