मऊ :
पोखरे में फूल तोड़ने गए ब्यक्ति की मौत,
परिवार में मचा कोहराम।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के डुमरांव गांव में सोमवार दोपहर पोखरे में फूल तोड़ने गए 35 वर्षीय शैलेश राजभर की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। गांव में पौहारी बाबा की कुटी के पास हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शैलेश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार, डुमरांव गांव निवासी लालू राजभर के पुत्र शैलेश राजभर सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे पौहारी बाबा की कुटी के निकट स्थित पोखरे में फूल तोड़ने गए थे। इसी दौरान उनके साथ हादसा हो गया और उनकी जान चली गई। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
फर्नीचर का काम कर चलाते थे परिवार
शैलेश राजभर फर्नीचर का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। परिवार की आजीविका का सहारा रहे शैलेश की अचानक मौत से पत्नी और चारों बच्चों के सामने जीवन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
जिस पिता के सहारे बच्चों का भविष्य संवर रहा था, उसकी असमय मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पति को खोने के गम में पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं चारों बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
