लखनऊ :
पार्किंग विवाद में युवक पर तानी पिस्टल,पहुचा हवलात।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में युवक पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान यशराज जायसवाल (25) निवासी गोयल इन्क्लेव फेज-1, चिनहट के रूप में हुई है।
विस्तार :
थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस के मुताबिक सरोजनीनगर निवासी युवराज गुप्ता ने 19 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई कि कार पार्क करने को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए उन पर पिस्टल तान दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार, घटना 18 अक्टूबर की रात सेंट्रम के पास पार्किंग को लेकर हुए विवाद के दौरान हुई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई थीं। तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 19 अक्टूबर को यशराज जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से .32 बोर की एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 352, 351(3), 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ चिनहट थाने में पहले भी मारपीट, धमकी और लापरवाही से संबंधित धाराओं में एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
