बुधवार, 21 अक्टूबर 2026

मऊ : चलती ईवी स्कूटी में लगी आग, देखते ही देखते जलकर हुई राख,युवक ने कूदकर बचाई जान।|Mau: A moving EV scooter caught fire and was reduced to ashes in no time; a young man jumped out to save his life.||

शेयर करें:
मऊ : 
चलती ईवी स्कूटी में लगी आग, देखते ही देखते जलकर हुई राख,युवक ने कूदकर बचाई जान।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कमलसागर गांव के समीप माइनर नहर के रास्ते पर चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी में आग लगते ही चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते स्कूटी आग का गोला बन गई और जलकर राख हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हबीबपुर गांव निवासी प्रिंस कुमार पुत्र राजेश कुमार बुधवार दोपहर करीब एक बजे अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से रामपुर बेलौली बाजार से घर लौट रहे थे। वह रामपुर माइनर नहर के रास्ते से गुजर रहे थे। जैसे ही कमलसागर गांव से आगे बढ़े, अचानक उनकी स्कूटी में आग लग गई।
स्कूटी से आग की लपटें उठती देख चालक ने तत्काल कूदकर अपनी जान बचाई। घटना को देखकर आसपास के लोगों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। राहगीर कुछ समझ पाते और आग बुझाने का प्रयास करते, उससे पहले ही आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते स्कूटी धू-धूकर जलने लगी और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में स्कूटी सवार युवक की जान बच गई। हालांकि, स्कूटी में आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।