मऊ :
किसान दिवस की बैठक में किसानों ने उठाईं समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश।।
●जर्जर सहकारी समिति गोदाम, पानी की टंकी, बिजली के पोल और बंद राजकीय नलकूप का मुद्दा छाया।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ विकास भवन सभागार में बुधवार को परियोजना निदेशक/जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज की अध्यक्षता में किसान दिवस की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों ने कृषि संबंधी समस्याओं के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर भवनों, पेयजल व्यवस्था, बिजली के खंभों और बंद पड़े राजकीय नलकूप जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जिला विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जर्जर गोदाम और अतिक्रमण का उठा मुद्दा
बैठक में किसान देवेंद्र सिंह ने सघन सहकारी समिति परशुपुर के जर्जर गोदाम की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे स्थित गोदाम की हालत बेहद खराब हो चुकी है और उसका कुछ हिस्सा गिर भी गया है। इसके अलावा समिति की भूमि पर स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने की समस्या भी सामने रखी गई। किसान ने भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ ही उसकी विधिवत निशानदेही कराने की मांग की।
पानी की टंकी और बिजली के पोल से हादसे की आशंका
किसान जयप्रकाश राय ने सहरोज मुतालिका मोहम्मदपुर में पानी की टंकी के पिलर में दरार आने का मामला उठाया। उन्होंने आशंका जताई कि टंकी की जर्जर स्थिति के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल निरीक्षण कराकर मरम्मत कराने की मांग की।
इसी क्रम में अरदौना में बिजली का पोल गिरने से संभावित दुर्घटना की आशंका जताते हुए उसे दुरुस्त कराने तथा सरवा आदेडीह में लंबे समय से बंद पड़े राजकीय नलकूप को पुनः चालू कराने की मांग की गई। इन समस्याओं पर जिला विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गांव में विद्यालय और स्वास्थ्य केंद्र की अनुपलब्धता का मामला उठा
विकासखंड मोहम्मदाबाद गोहना के एक किसान ने ग्राम पंचायत खुशामदपुर में सरकारी विद्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की अनुपलब्धता का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि गांव में आंगनबाड़ी केंद्र होने के बावजूद वहां आंगनबाड़ी कार्यकत्री की नियुक्ति नहीं है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज ने तत्काल खंड विकास अधिकारी से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता
बैठक के दौरान जिला कृषि अधिकारी ने जनपद में यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता होने की जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। कृषि विभाग की ओर से किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात भी कही गई।
किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा निस्तारण
जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में उठाई गई शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करें और आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के प्रभावी समाधान पर भी जोर दिया।
बैठक में उप कृषि निदेशक, अधिशासी अभियंता विद्युत आशीष कुमार तथा कृषक बृजेश यादव, मदन मोहन राय, परमात्मा सिंह, देवेंद्र सिंह, देव प्रकाश राय और राकेश सिंह सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।
