लखनऊ :
पत्नी गई मायके पति ने फांसी लगाकर दे दी जान,घर में मचा कोहराम।।
दो टूक : लखनऊ के थाना निगोहां क्षेत्र के कुसमौरा गांव में पत्नी से विवाद के बाद उसके मायके चले जाने से परेशान 30 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह कमरे में युवक का शव फंदे से लटकता मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार थाना निगोहां क्षेत्र के कुसमौरा गांव निवासी मुकेश कुमार रावत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपनी पत्नी विजय कुमारी और नौ माह के बेटे के साथ रहता था। मृतक की मां नन्हकाई के मुताबिक, करीब एक माह पहले मुकेश और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद विजय अपने मासूम बेटे को लेकर मायके चली गई थी। मुकेश कई बार पत्नी को मनाने और घर वापस लाने के लिए ससुराल गया, लेकिन वह वापस नहीं लौटी।
परिजनों के मुताबिक, पत्नी और बेटे से अलग रहने के कारण मुकेश परेशान था। रविवार देर रात उसने अपने कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह परिजनों ने उसका शव लटकता देखा तो चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पुलिस और मृतक की पत्नी को दी गई। पति की मौत की खबर पाकर मासूम बेटे को लेकर ससुराल पहुंची विजय शव से लिपटकर बिलख पड़ी। सूचना पर पहुंची निगोहां पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
