लखनऊ :
सिसेंडी के अखाड़े में माही सिंह का दमदार दांव,पुरुष पहलवान को चटाई पटखनी।
●करीब 40 कुश्तियों में पहलवानों ने दिखाया दमखम, महिला पहलवानों के मुकाबले रहे आकर्षण का केंद्र।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के सिसेंडी गांव में सोमवार को आयोजित विशाल दंगल में अयोध्या की महिला पहलवान माही सिंह ने अपने शानदार प्रदर्शन से खूब वाहवाही बटोरी। पुरुष पहलवान को पटखनी देकर जीत हासिल करने वाली माही सिंह के मुकाबले ने दर्शकों में खासा उत्साह भर दिया। अखाड़े में उनकी दमदार कुश्ती और दांव-पेच चर्चा का विषय बने रहे।
दंगल में लखनऊ सहित आसपास के कई जिलों से आए महिला और पुरुष पहलवानों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान करीब 40 कुश्तियां हुईं, जिनमें पहलवानों ने अपनी ताकत, तकनीक और कौशल का प्रदर्शन किया। महिला पहलवानों के मुकाबलों को देखने के लिए दर्शकों में विशेष उत्साह नजर आया।
विस्तार :
सोमवार को मोहनलालगंज क्षेत्र सिसेंडी मे आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता का
शुभारंभ व्यापार मंडल अध्यक्ष इमरान खान और महामंत्री वीरेंद्र शुक्ला ने आयोजक एवं वरिष्ठ समाजसेवी ललित दीक्षित के साथ अखाड़े में पहुंचकर पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया। प्रतियोगिता में अयोध्या की माही सिंह और गोरखपुर की आरती सिंह के बीच मुकाबले ने भी लोगों का ध्यान खींचा। माही सिंह ने रीतेश को पटखनी देकर जीत दर्ज की। विजेता और उपविजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आयोजक ललित दीक्षित ने कहा कि दंगल भारतीय परंपरा और ग्रामीण खेल संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ युवाओं में खेल भावना और शारीरिक दक्षता को प्रोत्साहित करते हैं।
कार्यक्रम में पत्रकार एसोसिएशन के महामंत्री अखिलेश द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय जायसवाल, संयुक्त मंत्री अनुपम मिश्रा, भाजपा नेता प्रदीप सिंह, वरिष्ठ पत्रकार मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
