सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

लखनऊ : किसान पथ पर फॉर्मेलिन से भरा टैंकर पलटा, इलाके में मची हलचल।।||Lucknow: A tanker carrying formalin overturned on Kisan Path, causing commotion in the area.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
किसान पथ पर फॉर्मेलिन से भरा टैंकर पलटा, इलाके में मची हलचल।।
●पुलिस-फायर सर्विस और एसडी आरएफ की टीम ने संभाला मोर्चा। 
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम किसान पथ पर फॉर्मेलिन लिक्विड (रासायनिक पदार्थ) से भरा टैंकर टायर फटने के कारण पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बीकेटी पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
विस्तार : 
पुलिस के मुताबिक, हादसा सोमवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ। टैंकर संडीला से गुडंबा स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री जा रहा था। किसान पथ पर टायर फटने के कारण टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया और यातायात को दूसरे मार्गों पर डायवर्ट कर दिया गया।
केमिकल को निष्क्रिय करने में जुटी टीमें
टैंकर में भरे फॉर्मेलिन केमिकल को निष्क्रिय करने के लिए पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और संबंधित फैक्ट्री के प्रतिनिधियों की टीम संयुक्त रूप से काम कर रही है। मौके पर मेडिकल टीमें भी तैनात की गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता दी जा सके।
आंख, नाक और गले में हो सकती है जलन
प्रशासन के अनुसार, फॉर्मेलिन के संपर्क में आने से आंख, नाक, गले और त्वचा में जलन की समस्या हो सकती है। आसपास रहने वाले लोगों को ऐसी परेशानी महसूस होने पर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। त्वचा पर केमिकल लगने की स्थिति में प्रभावित हिस्से को ठंडे बहते पानी से धोने की सलाह दी गई है। आंखों में जलन या सांस लेने में परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और केमिकल को निष्क्रिय करने का कार्य जारी है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
●केमिकल को निष्क्रिय करने का काम जारी।।