सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अमित के लापता होने से परिवार चिंतित, डी-मार्ट के पास मिली बाइक; पुलिस तलाश में जुटी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अमित के लापता होने से परिवार चिंतित, डी-मार्ट के पास मिली बाइक; पुलिस तलाश में जुटी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

बिसरख थाना क्षेत्र का मामला, भाई सुमित ने जताई अपहरण की आशंका; सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ पुलिस कर रही जांच

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। बिसरख थाना क्षेत्र में डी-मार्ट मॉल के पास से सलारपुर निवासी अमित के लापता होने का मामला सामने आया है। अमित के लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं। उनके भाई सुमित ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और अमित का जल्द पता लगाने की गुहार लगाई है। डी-मार्ट मॉल के पास अमित की बाइक खड़ी मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमित के भाई सुमित को आशंका है कि डी-मार्ट मॉल के पास से अमित का अपहरण किया गया हो सकता है। घटनास्थल के पास बाइक खड़ी मिलने के बाद परिवार के लोग अनहोनी की आशंका से परेशान हैं। परिजन अमित की तलाश और उनके सुरक्षित होने की जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की हर पहलू से जांच कर अमित का जल्द से जल्द पता लगाने की मांग की है।

गुमशुदगी दर्ज कर तलाश में जुटी पुलिस

इस संबंध में पुलिस का कहना है कि थाना बिसरख में अमित की गुमशुदगी दर्ज की गई है। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मैनुअल इंटेलिजेंस व सर्विलांस की मदद से भी अमित का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है। फिलहाल अमित के लापता होने के कारणों और अपहरण की आशंका को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।।