लखनऊ :
वृन्दावन में बिल्डर की लपरवाही
से अंधेरे में 80 परिवार,थाने पहुंकर लगाई फरियाद।।
●बिजली बिल बकाए से कटेगी बिजली,ठप होंगी पानी और लिफ्ट जैसी जरूरी सेवाएं।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के वृंदावन योजना स्थित विहान हाइट्स अपार्टमेंट में बिजली के बकाया बिल को लेकर बिल्डर और निवासियों के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। अपार्टमेंट की कॉमन एरिया बिजली का करीब 1,82,644 रुपये बिल बकाया होने का आरोप लगाते हुए निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, बिजली विभाग की ओर से कनेक्शन काटने की कार्रवाई की कोशिश के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले 75 से 80 परिवारों के सामने पानी, लिफ्ट और अन्य जरूरी सुविधाएं बंद होने का खतरा पैदा हो गया है।
विस्तार :
जानकारी अनुसार सोमवार देर शाम
VH Cultural and Educational Welfare Society वृन्दावन योजना के सोसायटी की ओर से थाना पीजीआई में प्रार्थना पत्र देते हुए विहान इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटर व्योम प्रकाश वार्ष्णेय पर कॉमन एरिया का बिजली बिल लंबे समय से जमा नहीं करने का आरोप लगाया है।
निवासियों ने बताया कि बिल्डर अधिकतर लोगों से मेंटेनेंस के नाम पर 1,200 रुपये प्रतिमाह वसूलता रहा, इसके बावजूद बिजली का बिल बकाया रह गया। इस स्थिति ने अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।
●बिजली विभाग की कार्रवाई से सोसायटी में मचा हड़कंप।
अपार्टमेंट निवासियों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे बिजली विभाग के कर्मचारी कनेक्शन काटने पहुंचे थे। इस दौरान संबंधित एसडीओ से बातचीत कर दो दिन का समय मांगा गया। निवासियों का कहना है कि यदि कॉमन एरिया की बिजली काट दी जाती है, तो पानी की आपूर्ति, लिफ्ट समेत कई आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इससे बुजुर्गों, बच्चों और अन्य निवासियों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
●बैठक में भुगतान का भरोसा देने का दावा।।
सोसाइटी के पदाधिकारियों का कहना है कि दो दिन पहले हुई बैठक में बिल्डर के प्रमोटर ने कॉमन एरिया का बिजली बिल जमा करने की बात स्वीकार की थी। इसके बावजूद बिजली बिल का विवाद सामने आने से निवासियों में नाराजगी है और बिल्डर की कार्यप्रणाली के कारण वे लंबे समय से मानसिक परेशानी झेल रहे हैं। बिल्डर के खिलाफ थाने मे तहरीर देतेहुए कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
