सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: हल्द्वानी गांव में गाय की मौत के बाद हंगामा, गौ रक्षा दल ने लगाया अभद्रता और धमकी देने का आरोप!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: हल्द्वानी गांव में गाय की मौत के बाद हंगामा, गौ रक्षा दल ने लगाया अभद्रता और धमकी देने का आरोप!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

महिला को जान से मारने की धमकी देने का दावा, शिकायत लेकर थाने पहुंचे सदस्यों ने थाना प्रभारी पर भी दुर्व्यवहार कर भगाने का लगाया आरोप; कार्रवाई की मांग

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना इकोटेक-3 क्षेत्र के हल्द्वानी गांव में गाय की मौत की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे गौ रक्षा दल के सदस्यों के साथ कथित तौर पर अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। गौ रक्षा दल के सदस्यों ने एक महिला के साथ गाली-गलौज करने और उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में शिकायत लेकर थाने पहुंचे सदस्यों ने थाना प्रभारी पर भी उनकी बात सुनने के बजाय कथित रूप से दुर्व्यवहार कर थाने से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गौ रक्षा दल के सदस्यों ने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी गांव में गाय की मौत की सूचना मिलने पर गौ रक्षा दल के कुछ सदस्य मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान राहुल पुत्र सुरेंद्र और उसके साथ मौजूद चार से पांच अज्ञात लोगों ने दल के सदस्यों के साथ अभद्रता की। इस दौरान एक महिला के साथ गाली-गलौज करने और उसे जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो दुर्व्यवहार का आरोप

घटना के संबंध में गौ रक्षा दल के सदस्यों ने पुलिस से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग करने का प्रयास किया। सदस्यों का आरोप है कि जब वे अपनी शिकायत लेकर थाना इकोटेक-3 पहुंचे तो थाना प्रभारी ने उनकी बात सुनने और मामले को गंभीरता से लेने के बजाय कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया तथा उन्हें थाने से बाहर जाने के लिए कह दिया। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

गौ रक्षा दल के सदस्यों का कहना है कि यदि किसी महिला के साथ गाली-गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी गई है तो मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही, उन्होंने अपनी शिकायत पर सुनवाई किए जाने की मांग भी उठाई है।

फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का आधिकारिक पक्ष और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।