लखनऊ :
दबंग प्रापर्टी डीलरों द्वारा जबरन जमीन पर कब्जे की कोशिश,विरोध करने पर जान से मारने की धमकी।।
●अवैध प्लाटिंग और जमीन के सीमा-चिह्न गायब करने का आरोप।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र अलीनगर सुनहरा में प्रापर्टी डीलर के द्वारा अवैध प्लाटिंग करते हुए पड़ोस की जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पीडित ने लिखित तहरीर देते हुए थाना श्रीकृष्णा नगर मे आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा रखा है।
विस्तार :
आशियाना क्षेत्र रायल सिटी औरंगाबाद जागीर निवासी विनोद कुमार मिश्रा ने पुलिस को तहरीर कि उनकी पत्नी उर्मिला मिश्रा के नाम ग्राम अलीनगर सुनहरा में खसरा संख्या 96 की जमीन है। इस भूमि को उनकी पत्नी ने 3 दिसंबर 2010 को पंजीकृत विलेख के माध्यम से खरीदा था। शिकायतकर्ता का दावा है कि जमीन का दाखिल-खारिज होने के साथ ही उनका उस पर कब्जा भी है।
आरोप है कि उक्त जमीन के बगल में राम गोपाल यादव और अजीम मोहम्मद खान द्वारा प्लाटिंग की जा रही है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन की सीमा निर्धारित करने वाले खंभे जानबूझकर गायब कर दिए गए, ताकि जमीन के हिस्से पर कब्जा किया जा सके। उन्होंने चुन्नू खेड़ा निवासी बबलू यादव पर भी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है।
विनोद कुमार मिश्रा के अनुसार, जब उन्होंने मौके पर पहुंचकर जमीन पर कब्जा करने का विरोध किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जमीन अपनी शर्तों पर देने का दबाव बनाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बाद सुबह करीब 11 बजे एक मोबाइल नंबर से उनके फोन पर कॉल कर जमीन पर आने की चुनौती दी गई और जिंदा वापस नहीं लौटने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने पुलिस से मौके पर पुलिस बल भेजकर कथित अवैध कब्जे और प्लाटिंग को रुकवाने तथा आरोपितों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। तहरीर पर संबंधित अधिकारियों ने मामले को संज्ञान लेते हुए जांचोपरांत एफआईआर दर्ज करावाया। पुलिस आगे की कार्यवाही मे जुटी है।।
