लखनऊ :
चोरी के शातिर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा,सरगना समेत सात पर गैंगस्टर एक्ट।
दो टूक :लखनऊ के मोहनलालगंज पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के कथित सरगना अभिषेक रावत उर्फ भोंदू समेत सात आरोपियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत कार्रवाई की है।
विस्तार :
मोहनलालगंज एसीपी आर.के. सिंह के मुताबिक, गिरोह का कथित सरगना अभिषेक रावत उर्फ भोंदू बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र स्थित हाथी का पुरवा का निवासी है। उसके अलावा आरजू खान निवासी मामापुर, थाना देवा, बाराबंकी; इश्तियाक निवासी जम्मीकला, बलरामपुर; रियाजुद्दीन निवासी डूडा कॉलोनी, मटियारी, थाना चिनहट, लखनऊ; मंगल उर्फ शिवमंगल निवासी हाथी का पुरवा, बाराबंकी; तथा सोनू और आशीष कुमार निवासी नेरा कबूलपुर, थाना लोनीकटरा, बाराबंकी के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य संगठित होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाने और गिरोह के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के तहत मोहनलालगंज पुलिस ने यह कदम उठाया है।
