गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026

लखनऊ :मऊ गांव में गूंजे माता रानी के जयकारे, 37वें जबाबी कीर्तन में झूमे श्रद्धालु।||Lucknow:Chants of Mata Rani resounded in Mau village, devotees rejoiced at the 37th Jawabi Kirtan.||

शेयर करें:
लखनऊ :
मऊ गांव में गूंजे माता रानी के जयकारे, 37वें जबाबी कीर्तन में झूमे श्रद्धालु।
दो टूक :  शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मोहनलालगंज क्षेत्र के मऊ गांव में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। मां भगवती जन जागरण समिति की ओर से आयोजित 37वें जबाबी कीर्तन में कीर्तनकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर तक भक्ति के रंग में सराबोर रखा। कार्यक्रम के समापन पर कन्याभोज और विशाल भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
मऊ गांव स्थित दुर्गा माता मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद जबाबी कीर्तन का शुभारंभ हुआ। मध्य प्रदेश के भिंड की प्रसिद्ध कीर्तनकार कल्पना दुबे और बुंदेलखंड के छतरपुर निवासी कीर्तनकार बाबूलाल राजपूत ने फिल्मी धुनों पर माता रानी की भेंटों और कीर्तनों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। दोनों कलाकारों के बीच हुए संगीतमय मुकाबले ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। पंडाल में मौजूद श्रद्धालु तालियों और जयकारों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे।
सम्मानित हुए क्षेत्र के गणमान्य लोग : आयोजन के दौरान मां भगवती जन जागरण समिति के अध्यक्ष रामकुमार और प्रबंधक राम किशोर ने अतिथियों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में एलडीबी अध्यक्ष अशोक तिवारी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सिद्धार्थ पटेल, पूर्व उपप्रधान अरुणेश प्रताप सिंह, वरिष्ठ पत्रकार अनुपम मिश्रा, सभासद हिमांशु तिवारी और अम्बुज शुक्ला समेत अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।
कन्याभोज के बाद भंडारे का आयोजन : बुधवार सुबह धार्मिक अनुष्ठान के क्रम में कन्याभोज कराया गया। इसके बाद विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में आशीष द्विवेदी, विपिन यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। समिति के इस धार्मिक आयोजन में आस्था, भक्ति और सामाजिक सहभागिता की झलक देखने को मिली।