गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026

लखनऊ : मिशन शक्ति की पहल: शिवांगी मिश्रा ने संभाली एक दिन की एसीपी की जिम्मेदारी, सुनीं फरियादियों की समस्याएं।।|| Lucknow: Mission Shakti initiative: Shivangi Mishra took over the responsibility of ACP for a day, listened to the problems of the complainants.||

शेयर करें:
लखनऊ :
मिशन शक्ति की पहल: शिवांगी मिश्रा ने संभाली एक दिन की एसीपी की जिम्मेदारी, सुनीं फरियादियों की समस्याएं।।
पिंक बूथ से कोतवाली तक किया निरीक्षण, जाम की समस्या पर जताई नाराजगी;महिलाओं और बालिकाओं को अधिकारों के प्रति किया जागरूक।
दो टूक : बेटियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली से रूबरू कराने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6 के तहत नेशनल पीजी कॉलेज की बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा शिवांगी मिश्रा को बुधवार को मोहनलालगंज सर्किल का एक दिन का एसीपी बनाया गया। एसीपी आरके सिंह ने उन्हें कैप पहनाकर जिम्मेदारी सौंपी। पदभार संभालते ही शिवांगी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी लेने के साथ फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
विस्तार : 
बताते चलें - एक दिन का मोहनलालगंज एसीपी की जिम्मेदारी मिलने के बाद शिवांगी मिश्रा ने कार्यालय में पुलिसकर्मियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शिकायतों पर कार्रवाई करने और जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया समझी। इस दौरान ककुहाखेड़ा निवासी शांति देवी और निगोहां थाना क्षेत्र के अहिनिवार निवासी अर्चना ने अपनी शिकायतें रखीं। शिवांगी ने दोनों महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और सरकारी सीयूजी नंबर से थाना प्रभारी रविंद्र कुमार को फोन कर शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इसके बाद शिवांगी सरकारी वाहन से मोहनलालगंज कस्बे के पिंक बूथ पहुंचीं। यहां उन्होंने तैनात महिला पुलिसकर्मियों से उनके कार्यों की जानकारी ली और शिकायत रजिस्टर का निरीक्षण किया। कस्बा चौकी पहुंचने पर उन्होंने सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या पर नाराजगी जताई और चौकी प्रभारी अतुल सिंह को तत्काल पुलिस बल लगाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
शिवांगी ने कस्बे में पैदल गश्त कर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्हें मिशन शक्ति से संबंधित पंपलेट वितरित कर उनके अधिकारों, सुरक्षा और पुलिस की सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि किसी भी परेशानी या संकट की स्थिति में बिना झिझक पुलिस को सूचना दें।
इसके बाद उन्होंने मोहनलालगंज कोतवाली का निरीक्षण किया और महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों से शिकायतें दर्ज करने तथा पीड़ित महिलाओं की सहायता करने की प्रक्रिया समझी।
बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ाना है मिशन शक्ति का उद्देश्य।
एक दिन की एसीपी बनीं शिवांगी मिश्रा ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास पैदा करना और समाज में उनकी भूमिका को मजबूत बनाना है। वहीं, एसीपी आरके सिंह ने बताया कि इस पहल के माध्यम से बेटियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।