सोमवार, 19 अक्टूबर 2026

लखनऊ :रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे से गूंजा कुसमौरा,आश्वासन पर पांचवें दिन खत्म हुआ धरना।||Lucknow:Kusmaura reverberated with the slogan "No road, no vote." The protest ended on the fifth day after receiving assurances.||

शेयर करें:
लखनऊ :
रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे से गूंजा कुसमौरा,आश्वासन पर पांचवें दिन खत्म हुआ धरना।
मांग पूरी न होने पर तहसील में प्रदर्शन की चेतावनी।।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र कुसमौरा गांव में जर्जर सड़कों से परेशान गांव के ग्रामीणों का पांच दिनों से चल रहा धरना रविवार को प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। ग्रामीण लंबे समय से दोनों मार्गों के निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा बुलंद करते हुए आंदोलन शुरू किया था।
धरने को समर्थन देने भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिलाध्यक्ष राजेश रावत पदाधिकारियों के साथ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मांग को जायज बताते हुए सड़क निर्माण की मांग उठाई। इसके बाद मौके पर पहुंचीं गोसाईगंज की नायब तहसीलदार शैव्या मिश्रा ने ग्रामीणों और किसान यूनियन के पदाधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर दोनों मार्गों के डामरीकरण की मांग उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने और जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।
प्रशासन के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि, किसान यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय में सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ तहसील मुख्यालय पर दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा।
धरने में ब्लॉक अध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा, प्रचार मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, महामंत्री गिरीश अवस्थी, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार अवस्थी, तहसील प्रभारी अरुण कुमार पांडेय, चंद्र किशोर द्विवेदी, अवधेश अवस्थी, ओम प्रकाश शर्मा, डॉ. सुशील अवस्थी, प्रधान प्रतिनिधि दीपक साहू, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज कुमार, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि जगरूप रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।