शनिवार, 3 अक्टूबर 2026

लखनऊ :कैफे की आड़ में हुक्का-शराब बार और मुजरा, वीडियो बनाने पर भाजपा नेता को धमकी।।|Lucknow:Hookah, liquor bar and mujra under the guise of a cafe; BJP leader threatened for making video.||

शेयर करें:
लखनऊ :
कैफे की आड़ में हुक्का-शराब बार और मुजरा, वीडियो बनाने पर भाजपा नेता को धमकी।।
मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट किया, चार नामजद आरोपियों पर मुकदमा।
दो टूक : लखनऊ में कोतवाली आलमबाग क्षेत्र में कैफे की आड़ में कथित तौर पर अवैध हुक्का-शराब बार और बालाओं का नाच कराए जाने का वीडियो बनाना भाजपा युवा मोर्चा के निवर्तमान नगर मंत्री को भारी पड़ गया। आरोप है कि वीडियो बनाते देख कैफे में मौजूद युवकों ने भाजपा नेता का मोबाइल छीन लिया, गाली-गलौज की और गोली मारकर जान से मारने की धमकी देते हुए वीडियो डिलीट कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर आशियाना पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार:
जानकारी के अनुसार आलमबाग थाना क्षेत्र के मिल रोड मवैया निवासी भाजपा युवा मोर्चा के निवर्तमान नगर मंत्री शुभम शुक्ला के मुताबिक गुरुवार रात करीब 9:15 बजे वह अपने मित्र करण यादव और अश्वनी दीपांकर के साथ सरोजनीनगर विधायक कार्यालय के पास एलआईसी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल स्थित मिनिस्ट्री कैफे पहुंचे थे। आरोप है कि कैफे के अंदर युवक-युवतियां हुक्का और शराब का सेवन कर रहे थे, जबकि अश्लील एवं भद्दे गानों पर बालाओं को नचाया जा रहा था।
माहौल देखकर शुभम शुक्ला ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि वीडियो बनाते देख प्रशांत यादव, अभिषेक यादव, अनमोल और आदर्श ने उनका मोबाइल छीन लिया और गाली-गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद मोबाइल से वीडियो भी डिलीट कर दिया गया।
विस्तार : घटना की सूचना भाजपा नेता ने तत्काल आशियाना पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कैफे संचालक शटर में ताला लगाकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की नामजद तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक आशियाना गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि वीडियो और शिकायत के आधार पर कैफे संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।