लखनऊ :
काकोरी में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, बीकेटी में बोरे के पास मिला अज्ञात युवक का शव।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना मंगलवार में मंगलवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मौत की घटनाएं सामने आईं। काकोरी के लालता खेड़ा गांव में 27 वर्षीय युवक ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि बीकेटी क्षेत्र में आचारामऊ से मलाक जाने वाले कच्चे मार्ग पर एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बीकेटी में शव की प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
विस्तार :
काकोरी में युवक की मौत, बीकेटी में हत्या की आशंका।
जानकारी के अनुसार काकोरी थाना क्षेत्र के ग्राम लालता खेड़ा, बरखाताबाद निवासी आकाश गौतम (27), पुत्र रामनरेश गौतम, का शव मंगलवार सुबह घर के कमरे में छत के पंखे से गमछे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की सहायता से शव को नीचे उतरवाया। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस शव का पंचायतनामा भरने सहित अन्य विधिक कार्रवाई कर रही है और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
●बीकेटी में कच्चे रास्ते पर मिला अज्ञात शव।
पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे थाना बीकेटी क्षेत्र आचारामऊ से मलाक जाने वाले कच्चे मार्ग पर एक अज्ञात पुरुष का शव पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने फील्ड यूनिट और उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक निरीक्षण में हत्या की आशंका जताई गई। शव के सिर के पास जूट का एक बोरा भी बरामद हुआ। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
शिनाख्त में मदद की अपील
बीकेटी पुलिस ने आम लोगों से अज्ञात मृतक की पहचान में सहयोग करने की अपील की है।
