लखनऊ :
सरोजनीनगर में छत के रास्ते घर में घुसे चोर ने लाखों के कीमती जेवरात किया पार।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर पर सरोजनीनगर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना सरोजनीनगर क्षेत्र राजकमल विहार, हाइडिल कॉलोनी निवासी दीपक शाह पुत्र स्वर्गीय मोहन शाह ने पुलिस को दी लिखित तहरीर में बताया कि 3 अक्टूबर की रात से 4 अक्टूबर की सुबह के बीच अज्ञात चोर छत से कूदकर उनके घर में घुस आए। चोरों ने घर के अंदर रखी आलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे कीमती सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सुबह घटना की जानकारी होने पर घर में हड़कंप मच गया। जिसकी सूचना तत्काल डायल 112 पर पुलिस को दी।
तहरीर के मुताबिक चोरी गए सामान में सोने के कान के झुमके, सोने की नथ, सोने का मांग टीका, चार सोने के कंगन, सोने का हाथ का पाजेब, चांदी की एक जोड़ी पायल, चांदी की कमरबंद और चांदी की बिछिया शामिल हैं। पीड़ित ने इन जेवरात की कीमत लाखों रुपये बताई है।
पीड़ित दीपक शाह की तहरीर पर सरोजनीनगर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
