बुधवार, 21 अक्टूबर 2026

लखनऊ :रिंग रोड ब्रिज पर खड़े डंपर में पीछे से टकराई बाइक,एक की मौत, दो घायल||Lucknow:A bike collided from behind with a dumper parked on the Ring Road Bridge, killing one and injuring two.||

शेयर करें:
लखनऊ :
रिंग रोड ब्रिज पर खड़े डंपर में पीछे से टकराई बाइक,एक की मौत, दो घायल।।
दो टूक : लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के मोहिद्दीनपुर रिंग रोड ब्रिज पर सोमवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब बाइक पुल पर खराबी के कारण खड़े डंपर में पीछे से जा टकराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
विस्तार :
काकोरी पुलिस के मुताबिक, दुबग्गा थाना क्षेत्र के मुन्नालाल खेड़ा निवासी श्यामलाल (50) सोमवार शाम करीब 7:50 बजे अपनी रिश्तेदार सुषमा राजपूत (38) और मुस्कान राजपूत (13) के साथ मोटरसाइकिल से काकोरी के मुजफ्फरनगर स्थित अपनी ससुराल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहिद्दीनपुर रिंग रोड ब्रिज पर खराबी के चलते खड़े डंपर में उनकी बाइक पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि श्यामलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुषमा और मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए दुर्गागंज स्थित किंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए केजीएमयू रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है।
पुलिस ने बताया कि मृतक और घायलों के परिजन मौके पर मौजूद हैं। श्यामलाल के शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के संबंध में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।