मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में 5 किलो से अधिक गांजे के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, बिक्री के 700 रुपये भी बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में 5 किलो से अधिक गांजे के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, बिक्री के 700 रुपये भी बरामद!!

 !! विशेष संवाददाता!!

सेक्टर-126 थाना पुलिस की कार्रवाई, दिल्ली से गांजा लाकर नोएडा में बेचने का आरोप; हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं मुकदमे

दो टूक//नोएडा, 20 अक्टूबर 2026। नोएडा में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-126 पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा और गांजा बिक्री से प्राप्त 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी दिल्ली से गांजा खरीदकर नोएडा में अलग-अलग लोगों को छोटे-बड़े पैकेटों में बेचता था और इससे अवैध रूप से धन अर्जित करता था।

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को थाना सेक्टर-126 पुलिस ने स्थानीय खुफिया जानकारी और बीट पुलिसिंग की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित अवाना पुत्र हृदय अवाना को साई मंदिर जाने वाले कट के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी ग्राम असगरपुर, सेक्टर-127 का निवासी है और उसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है।

दिल्ली से गांजा लाकर नोएडा में बेचने का आरोप

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली से अलग-अलग व्यक्तियों के माध्यम से गांजा खरीदकर लाता था। इसके बाद नोएडा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले मजदूरों को छोटे-बड़े पैकेटों में गांजा बेचता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इस गतिविधि के जरिए अवैध कमाई करता था। उसके कब्जे से बरामद गांजे को लेकर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है।

हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामलों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, मोहित अवाना थाना सेक्टर-126 का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में छिनैती, लूट, चोरी, हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आपराधिक इतिहास के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 से वर्ष 2026 तक अलग-अलग थानों में कुल 30 अभियोग दर्ज होने का उल्लेख है। इनमें नोएडा के विभिन्न थानों के अलावा दिल्ली के मयूर विहार फेस-1 थाने का मामला भी शामिल है। सूची में हत्या से संबंधित एक मामला भी दर्ज है।

पुलिस की कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा

थाना सेक्टर-126 पुलिस की इस कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से 5 किलो 150 ग्राम गांजा और बिक्री के 700 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान जारी है। इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए स्थानीय खुफिया तंत्र और बीट पुलिसिंग के माध्यम से निगरानी की जा रही है।।