शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026

लखनऊ : सिसेंडी में सई नदी का अचानक बढ़ा जलस्तर खेत-खलिहान जलमग्न।||Lucknow: The water level of the Sai River suddenly increased in Sisendi, submerging fields and barns.||

शेयर करें:
लखनऊ :  
सिसेंडी में सई नदी का अचानक बढ़ा जलस्तर खेत-खलिहान जलमग्न।
तटीय गांवों में दहशत,स्थानीय प्रशासन अलर्ट। 
दो टूक : मोहनलालगंज तहसील के सिसेंडी क्षेत्र से गुजरने वाली सई नदी का जलस्तर बुधवार को अचानक बढ़ने से हड़कंप मच गया। नदी उफान पर आने से आसपास के खेत, खलिहान और निजी प्लाटिंग साइटें जलमग्न हो गईं। निचले इलाकों में पानी भरने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
विस्तार :
लखनऊ के सई नदी के बढ़े जलस्तर का असर तीन जिलों की सीमा पर स्थित प्राचीन भंवरेश्वर महादेव मंदिर के आसपास भी दिखाई दिया। मंदिर परिसर के निचले हिस्सों में पानी भरने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। नदी का रौद्र रूप देख तटीय गांवों के लोग संभावित खतरे को लेकर सतर्क हो गए हैं।
जलस्तर बढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। उपजिलाधिकारी आकाश सिंह ने संबंधित ग्राम प्रधानों, विद्युत विभाग के एसडीओ और पुलिस अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक टीमें प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
एसडीएम ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और नदी अथवा अत्यधिक जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाएं। संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव टीमों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
जलभराव वाले इलाकों में किसी अनहोनी को रोकने के लिए विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पुलिस टीमों को तटीय गांवों में गश्त बढ़ाने को कहा गया है। प्रशासन नदी के जलस्तर और प्रभावित इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।