लखनऊ :
दहेज के लिए विवाहिता पर जुल्म,पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज।।
दो टूक : लखनऊ के थाना मानक नगर मे दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत सास, ननद और नंदोई सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
मूलरूप से इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के चितभवन गांव निवासी आरती यादव वर्तमान में सरोजनीनगर थाना क्षेत्र स्थित 32 पीएसी बटालियन में रहती हैं। आरती के मुताबिक फरवरी माह में उनका विवाह मानक नगर के मेहंदीखेड़ा निवासी अंकित यादव पुत्र स्वर्गीय गौतम यादव से हुआ था।
पीड़िता का आरोप है कि मार्च में उसके पिता चौथी की रस्म के लिए ससुराल पहुंचे थे। विदाई के दौरान सास संगीता यादव ने उसके सभी जेवरात अपने पास रख लिए। करीब एक माह बाद पति उसे विदा कराकर ससुराल ले गया। आरोप है कि वहां पति अंकित यादव, सास संगीता यादव, ननद सोनम, नंदोई संदीप और ननद श्रुति ने एक साथ बैठकर उससे पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया।
आरती के विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि ससुरालियों ने उसके पिता को फोन कर बेटी को ले जाने को कहा और ऐसा न करने पर उसे जलाकर मार डालने की धमकी दी।
इसके बाद परिजन पीड़िता को मायके ले आए। आरोप है कि 19 जून को आरती स्वयं ससुराल पहुंची तो दरवाजा तक नहीं खोला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। जहां पीड़िता ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी।मानक नगर पुलिस ने रविवार शाम मुकदमा दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
