गोंडा- बेसहारा एवं असहाय गौवंश के संरक्षण, उपचार, सुरक्षा एवं सेवा के लिए निरंतर किए जा रहे कार्यों से प्रभावित होकर अखिल भारतीय किसान संघ के प्रदेश संगठन के मंत्री दिलीप मिश्रा द्वारा जगत गौ सेवा कल्याणकारी संस्थान के अध्यक्ष युगांक मिश्रा सहित संस्था के समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान प्रदेश संगठन के मंत्री दिलीप मिश्रा ने संस्था द्वारा गौसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बेसहारा गौवंश की सेवा और सुरक्षा के लिए धरातल पर निरंतर कार्य करना समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है। संस्था के कार्यकर्ताओं द्वारा घायल एवं असहाय गौवंश की सहायता, उपचार, चारा उपलब्ध कराने, सड़क पर विचरण करने वाले गौवंश की सुरक्षा तथा लम्पी वायरस जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी सराहा गया।
इस अवसर पर जगत गौ सेवा कल्याणकारी संस्थान के अध्यक्ष युगांक मिश्रा ने सम्मान के लिए अखिल भारतीय किसान संघ के प्रदेश संगठन के मंत्री जी एवं सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान संस्था के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा और जिम्मेदारी दोनों है। संस्था का उद्देश्य केवल गौसेवा तक सीमित न रहकर बेसहारा एवं असहाय गौवंश को संरक्षण, उपचार, भोजन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि संस्था आगे भी समाज के सहयोग से गौवंश की सेवा एवं सुरक्षा के लिए निरंतर अभियान चलाती रहेगी। “गौ सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है” के संकल्प के साथ संस्था अधिक से अधिक लोगों को गौसेवा से जोड़ने का प्रयास कर रही है।
सम्मान प्राप्त करने वाले कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए उत्साहवर्धन है और वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ गौसेवा के कार्य में योगदान देते रहेंगे।
